आगरा में दो और मुठभेड़ें: गोली लगने से घायल हुए लुटेरे और वाहन चोर, दोनों के साथी फरार
आगरा। अपराधियों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। बीते 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में दो कुख्यात बदमाशों को गोली लगने के बाद दबोच लिया। एक मुठभेड़ वाहन चोर गिरोह से, जबकि दूसरी फाइनेंसकर्मी से लूटपाट करने वाले गैंग से हुई। दोनों बदमाश घायल अवस्था में पकड़े गए, जबकि उनके-उनके साथी मौका पाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
शाहगंज: बाइक सवार बदमाशों से देर रात मुठभेड़
थाना शाहगंज पुलिस देर रात वाहनों और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। रोकने पर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश विष्णु कश्यप के पैर में गोली लग गई और वह बाइक से गिर पड़ा। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
पुलिस के मुताबिक विष्णु कश्यप शातिर वाहन चोर है और शाहगंज समेत कई थानों में उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और फरार साथी की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।
सैया: फाइनेंसकर्मी से लूट करने वाले बदमाशों से भिड़ी पुलिस
थाना सैया क्षेत्र में भी पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। यह गिरोह हाल ही में एक फाइनेंसकर्मी से लूट की वारदात को अंजाम दे चुका था। पुलिस को देखकर बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में साहब नामक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी भाग निकले।
अवैध हथियार बरामद
शाहगंज और सैया पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों के पास से अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और अपराधों की जानकारी मिल सके।