मामा ने दोस्त संग किया था भांजी से रेप, मामी ने चुप रहने को कहा था, पुलिस ने दोनों आरोपी पकड़े
फतेहाबाद-आगरा। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना में फतेहाबाद क्षेत्र के एक गांव की युवती के साथ उसके ही मामा और उसके दोस्त ने मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया। यह अमानवीय कृत्य न केवल भरोसे को तोड़ने वाला था, बल्कि सामाजिक मर्यादाओं को भी लहूलुहान कर गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 मई को युवती अपने मामा और मामी के पास पार्लर का काम सीखने बमरौली कटारा थाना क्षेत्र के गांव गई थी। 31 मई की दोपहर करीब 3 बजे मामा ने अपने ही दोस्त के साथ मिलकर भांजी के साथ रेप किया। जब युवती ने रोते हुए यह बात मामी को बताई तो उन्होंने न केवल चुप रहने को कहा, बल्कि उसके साथ भी मारपीट कर डराने की भी कोशिश की।
1 जून को पीड़िता जैसे-तैसे अपने घर पहुंची और मां को आपबीती बताई। इसके बाद परिवार ने बमरौली कटारा थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए मामला दर्ज किया और आरोपियों की तलाश में जुट गई।
मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के बिझामई अंडरपास पुल के पास मौजूद हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सौरभ उर्फ शैलेंद्र (पुत्र मानसिंह, निवासी बिजोलपुरा, हाल निवासी बमरौली कटारा) और उसके साथी योगेश (पुत्र प्रियदत्त शर्मा, निवासी सडामई, थाना मटसेना, जिला फिरोजाबाद) को दबोच लिया।