जब डिमांड चरम पर थी, तभी शार्ट सर्किट से जल गई कूलर फैक्ट्री, लाखों का नुकसान

आगरा। गर्मी के मौसम में जब कूलर की मांग चरम पर है, उसी समय आगरा की एक कूलर फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। थाना एत्मादपुर क्षेत्र के संवाई गांव स्थित मयूर कोल्ड स्टोरेज परिसर में संचालित आरपी इंडस्ट्रीज की फैक्ट्री में देर रात शॉर्ट सर्किट से आग भड़क गई, जिसने गोदाम में रखे सैकड़ों तैयार कूलर और अन्य कच्चे माल को अपनी चपेट में ले लिया।

Jun 10, 2025 - 15:01
 0
जब डिमांड चरम पर थी, तभी शार्ट सर्किट से जल गई कूलर फैक्ट्री, लाखों का नुकसान
एत्मादपुर के संवाई गांव में आग लगने से कूलर फैक्ट्री से उठता काला धुआं।  

-थाना एत्मादपुर के संवाई गांव की घटना, दमकल की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

फैक्ट्री मालिक राहुल भारद्वाज ने बताया कि सोमवार रात काम बंद होने के बाद फैक्ट्री बंद कर दी गई थी। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद वे तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अंदर से तेज लपटें उठ रही थीं। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

दमकल कर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक फैक्ट्री में रखा ज्यादातर माल जलकर राख हो चुका था। आग से करीब 8 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

भीषण गर्मी में कूलर की बढ़ती मांग के बीच इस तरह एक निर्माण इकाई में आग लगना इसके मालिक के लिए बड़ा झटका है। फैक्ट्री के भीतर भरे कूलरों और सामग्री के जलने से भारी वित्तीय क्षति हुई है। पुलिस और दमकल विभाग आग के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं, हालांकि प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को कारण माना गया है।

SP_Singh AURGURU Editor