आगरा के बाह क्षेत्र में चंबल नदी में पशुओं को पानी पिलाती महिला को खींच ले गया मगरमच्छ
बाह (आगरा)। थाना खेरा राठौर क्षेत्र के गांव भगवानपुरा में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब चंबल नदी में एक महिला को मगरमच्छ खींच ले गया। महिला पशुओं को पानी पिलाने के लिए नदी किनारे गई थी, तभी यह हादसा हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, महिला घाट पर पशुओं को पानी पिला रही थी, तभी अचानक एक मगरमच्छ ने झपट्टा मारा और उसे पानी में खींच ले गया। आसपास के लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक महिला पानी में गायब हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है, लेकिन अब तक महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया है। घटना के बाद घाट पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई है और इलाके में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और मगरमच्छों के आतंक पर रोक लगाने की मांग की है।