जयपुर हाउस से कल निकलेगी भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा
आगरा। जय झूलेलाल सिंधी पंचायत समिति जयपुर हाउस द्वारा वरुणावतार भगवान झूलेलाल जयन्ती पर भव्य शोभायात्रा 30 मार्च को निकाली जाएगी। इस अवसर पर मंदिर परिसर को देवलोक की तरह फूलों और रोशनी से सजाया जाएगा।
छप्पन भोग के साथ दोपहर से भण्डारा प्रारम्भ होगा। शाम 7 बजे जयपुर हाउस स्थित झूलेलाल भवन से प्रारम्भ होने वाली शोभायात्रा क्षेत्र में भ्रमण करेगी, जिसका जगह-जगह स्वागत पुष्प वर्षा कर किया जाएगा।
समिति के संरक्षक शोभाराम पुरसनानी, रमेश बालानी, अध्यक्ष सुरेश सीतलानी, महामंत्री नरेन्द्र पुरसनानी मीडिया प्रभारी रवि गिडवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां होने के साथ मंदिर परिसर में भी भक्तिमय झांकियां सजाई जाएंगी। क्षेत्रीय लोग शोभायात्रा उत्साह व मंग के साथ भाग लेंगे।
शोभायात्रा का शुभारम्भ समाज के बड़े बुजुर्गों द्वारा पूज्य बहराणा साहब की ज्योति प्रज्ज्वलित कर किया जाएगा। जयपुर हाउस स्थित जय झूलेलाल भवन को फूलों और जगमग रोशनी से सजाया जाएगा। भवन पर आकर्षक झांकियां सजेंगी व श्रद्धालुओं द्वारा कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।