महाराणा प्रताप की जयंती पर नौ मई को निकाली जाएगी भव्य शोभायात्रा

आगरा। क्षत्रिय सभा राष्ट्र पुरुष महाराणा प्रताप की जयन्ती धूमधाम व भव्यता के साथ 9 मई को मनायेगी। यह जानकारी वॉटर वर्क्स स्थित क्षत्रिय सदन में आयोजन निमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में सभा के पदाधिकारियों ने देते हुए कहा कि घोड़ों की अगुवाई में 15 आकर्षक झांकियों, बैंड बाजों, बग्गियों के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी।

May 7, 2025 - 18:46
 0
महाराणा प्रताप की जयंती पर नौ मई को निकाली जाएगी भव्य शोभायात्रा
महाराणा प्रताप जयंती पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा की जानकारी देते क्षत्रिय सभा के पदाधिकारी।

-क्षत्रिय सभा जिला आगरा द्वारा भव्य व विशाल शोभायात्रा के साथ हवन व सहभोज का भी आयोजन, किया जाएगा

इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के अंदर आतंकियों के खात्मे के बाद शोभायात्रा को और भव्यता के साथ समस्त हिन्दू समुदाय के साथ निकाला जाएगा।

जिलाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार सिंह व जिला महामंत्री गजेन्द्र सिंह परमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शोभायात्रा कमला नगर सुमित राहुल पब्लिक स्कूल के पास सत्यम पार्क से शाम 5 बजे प्रारम्भ होकर, बल्केश्वर वॉटर वर्क्स होते हुए यमुना किनारा स्थित महाराणा प्रतिमा स्थल पर विश्राम लेगी। इससे पूर्व 9 मई को सुबह 7 बजे यमुना किनारा स्थित महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल पर हवन का आयोजन किया जाएगा। 

कमला नगर शाखाध्यक्ष गौरव परमार ने बताया कि रात आठ बजे से वॉटर वर्क्स स्थित क्षत्रिय सदन में सहभोज का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा व सहभोज में जिले की समस्त शाखाएं व क्षत्रिय सभा व सनातनी भाग लेंगे। सभा के पदाधिकारियों ने जनपद के समस्त सनातनियों को भव्य शोभायात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। 

सभा के संरक्षक विजय पाल सिंह चौहान ने कहा कि महाराणा प्रताप ने राष्ट्र के स्वाभिमान और रक्षा के लिए बहुत बड़ा योगदान किया। राष्ट्र के प्रति हर व्यक्ति का धर्म है कि देश पर कोई आपदा आए तो हम अपना जीवन देने को तैयार रहें। उन्होंने बताया कि राजा अरिदमन सिंह भदावर, युवराज अम्बरीश पाल सिंह,सांसद नवीन जैन, करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत शोभायात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। 

इस अवसर पर मुख्य रूप से संयोजक आरपी सिंह जादौन, संजय चौहान, गजेन्द्र सिंह परमार, विनोद परमार, कल्पना सिंह परमार, सुशील चौहान, भरत सिंह सिकरवार, हरदेव चौहान, धर्मेन्द्र जादौन, बृजराज सिकरवार, आशू चौहान, संजीप राघव, मनीषा सिंह चौहान आदि उपस्थित थे।