पंजाबी विरासत की ऐतिहासिक पहल, हजारों बच्चों ने बनाई मानव श्रृंखला, साहिबज़ादों को किया नमन
आगरा। पंजाबी विरासत के तत्वावधान में लगातार सातवें वर्ष भी श्री गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबज़ादों एवं माता गुजर कौर जी की अद्वितीय शहादत को नमन करने के लिए नगर निगम परिसर में एक वृहद मानव श्रृंखला का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में 50 हजार से अधिक स्कूली बच्चों ने सहभागिता कर श्रद्धा, अनुशासन और एकता का अद्भुत संदेश दिया।
गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबज़ादों व माता गुजर कौर की शहादत को समर्पित रहा सातवां भव्य आयोजन
आगरा। पंजाबी विरासत के तत्वावधान में लगातार सातवें वर्ष भी श्री गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबज़ादों एवं माता गुजर कौर जी की अद्वितीय शहादत को नमन करने के लिए नगर निगम परिसर में एक वृहद मानव श्रृंखला का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में 50 से अधिक स्कूलों के हजारों स्कूली बच्चों ने सहभागिता कर श्रद्धा, अनुशासन और एकता का अद्भुत संदेश दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गुरुद्वारा गुरु का ताल से आए संत सिपाही रंजीत अखाड़ा के योद्धाओं द्वारा प्रस्तुत गतका प्रदर्शन रहा। संत सिपाही योद्धाओं ने युद्ध कौशल, साहस और शौर्य का ऐसा प्रदर्शन किया कि उपस्थित जनसमूह दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गया। योद्धाओं ने आंखों पर पट्टी बांधकर नारियल फोड़ने जैसे अभूतपूर्व करतब दिखाए, जिन्हें देख बच्चों और दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस आयोजन की शुरुआत आगरा मेयर हेमलता दिवाकर, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, गुरुद्वारा गुरु का ताल के संत राजेंद्र सिंह इंदौरिया, पंजाबी विरासत के चरणजीत थापर, चंद्र मोहन सचदेवा, श्री गुरु सिंह सभा माईथान के प्रधान कंवलदीप सिंह, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार एवं रंजीत सामा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर की गई।
पंजाबी विरासत के महामंत्री बंटी ग्रोवर एवं मीडिया प्रभारी भूपेश कालरा ने बताया कि यह आयोजन पिछले सात वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपने संस्कारों, गुरुओं की कुर्बानी और चारों साहिबज़ादों की वीरगाथा से परिचित कराना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने इतिहास और मूल्यों को कभी न भूलें।
संरक्षक रानी सिंह, ज्ञानी कुलविंदर सिंह, अजायब सिंह टीटू, महामंत्री बंटी ग्रोवर, दलजीत सिंह सेतिया एवं गुरमीत सेठी ने कहा कि यह सप्ताह हमें गुरु साहिबानों, चारों साहिबज़ादों और माता जी की शहादत को स्मरण करने और उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संदेश देता है।
मानव श्रृंखला आयोजन में नगर निगम आगरा, प्रभात कृष्ण अरोरा चैरिटेबल ट्रस्ट, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं अनेक स्कूलों का सहयोग रहा। पिछले वर्षों की परंपरा को निभाते हुए इस बार भी चारों साहिबज़ादों की आयु के अनुरूप चार श्रेणियों में बच्चों को सम्मानित किया गया।
बाबा अजीत सिंह अवार्ड – सरबजीत सिंह अरोरा
बाबा जुझार सिंह अवार्ड – जश्नूर कौर
बाबा जोरावर सिंह अवार्ड – गुरु सिद्ध कौर
बाबा फतेह सिंह अवार्ड – रिद्धिमा
सभी प्रतिभागियों को मेयर एवं पंजाबी विरासत द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सोभाग्य अरोरा, भूपेश कालरा, मोनिका सचदेवा, शीला बहल, परमजीत सिंह मक्कर, बंटी चावला, अंजना असीजा, मन्नू महाजन, खत्री सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमित खत्री, विकास मेहरा, परमिंदर सिंह ग्रोवर, गुरमीत कौर गिल, बबलू अरशी, अवतार सिंह गिल, जसवीर सिंह अरोरा, राजदीप सिंह, रिंकू गुलाटी, लकी सेतिया, जसमीत सिंह आहूजा, त्रिलोचन सिंह, जानी बेदी, बलविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन बंटी ग्रोवर, दलजीत सिंह सेतिया, शरद चौहान एवं भूपेश कालरा ने किया। अंत में मेयर और नगर आयुक्त ने उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता शपथ दिलाई। इस आयोजन में भाजपा महानगर इकाई का भी भरपूर सहयोग रहा।