आगरा में चलती मिनी बस बनी आग का गोला, एक युवक घायल
आगरा। ताजगंज रोड स्थित कैलाश टॉकीज के पास चलती मिनी बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। अभी एक युवक के घायल होने की जानकारी मिल रही है। बाकी के यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बस में लगी आग इतनी भीषण थी कि उसने पास खड़ी एक कार को भी चपेट में ले लिया।
बताया जा रहा है कि मिनी बस सवारियों को लेकर जा रही थी। अचानक उसमें आग लग गई। आग लगते ही अंदर बैठे यात्रियों में भगदड़ मच गई। सवारियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई।
बस धू धू कर जलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थी कि उसने पास में रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी एक टूरिस्ट कार को भी अपनी चपेट में ले लिया और कार भी जलने लगी। आग लगने के कारण वहां रोड पर जाम के हालात बन गए हैं।