शहर में एक जगह, जहां अलसुबह हर रोज कूड़ा जलाया जाता है
आगरा। आगरा में प्रदूषण को लेकर चिंता इंसानों से ज्यादा ताजमहल को लेकर होती है। ताजमहल की खूबसूरती बनी रहे, इसके लिए सुप्रीम कोर्ट ने यहां के वे उद्योग भी बंद करा दिए, जिनमें कोयले का इस्तेमाल होता था। अभी भी प्रदूषण बहुत ज्यादा है। उपाय भी किए जा रहे हैं, लेकिन इन लोगों को क्या कहा जाए जो खुले मैदान में कूड़ा जलाकर प्रदूषण बढ़ा रहे हैं।
सच्चाई जाननी हो तो थाना रकाबगंज क्षेत्र में स्थित ईदगाह कुतलुपुर मस्जिद के सामने पहुंचिए और देखिए कि यहां खुले मैदान में हर रोज सुबह चार बजे ही कूड़े के ढेर में आग लगा दी जाती है। इस आग से उठने वाले धुएं के कारण आसपास के इलाके में घरों के अंदर भी लोगों को सांस लेने में कठिनाई होने लगती है। लोगों का दम घुट रहा है, लेकिन कूड़ा जलाने वाले बेपरवाह हैं।
यहां के नागरिक बार-बार कूड़ा जलाने से बहुत तंग आ चुके हैं। ये इस पर रोक की मांग भी कर रहे हैं, लेकिन सवाल यह है कि सुबह चार बजे कूड़ा जलाने वालों को पकड़े कौन?
सामाजिक कार्यकर्ता शुभम सोनी इस प्रवृत्ति पर पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए कहते हैं कि कूड़ा जलाने के फोटो और वीडियो भी उपलब्ध हैं। नगर निगम अफसर चाहें तो इस आधार पर उचित कदम उठा सकते हैं।