चार शादियां, सात बैंक खाते, करोड़ों का लेन—देन, पत्नी के मोबाइल ने दरोगा पति का दिमाग घुमा दिया, पत्नी ने भी लगाए आरोप
कानपुर। कानपुर कमिश्नरेट में आज लुटेरी दुल्हन के जाल में फसे एक दरोग़ा का ऐसा मामला सामने आया, जिसने आला अधिकारियों को हिला कर रख दिया है। पुलिस कमिश्नर ने मामले जांच स्टाफ़ ऑफिसर को सौंपी है।
एक महिला ने ग्वालटोली थाने में तैनात दरोगा पर आरोप लगाते हुए पुलिस अधिकारियों से कहा कि दरोग़ा ने उसका उत्पीड़न कर लाखों रुपए की ठगी कर ली है। इधर दरोग़ा आदित्य कुमार ने भी महिला पर उत्पीड़न सहित पैसे ऐंठने के गंभीर आरोप लगाए। इस हाई प्रोफाइल ड्रामे को देख अधिकारी भी अचंभित रह गए।
पीड़ित दरोगा आदित्य कुमार ने मीडिया से रूबरू होकर अपना पक्ष रखा। दरोग़ा का कहना है कि उसकी इस महिला से 17 फरवरी 2024 को शादी हुई थी। शादी के 20 दिन बाद वह नौकरी पर वापस आ गया था। जब वह जून में अपने घर वापस लौटा तो उसने इसका मोबाइल चैक किया तो मालूम पड़ा कि इसके खाते में कई बड़े ट्रांज़ेक्शन हुए हैं।
उन्हें तभी मालूम हुआ कि इसकी प्रेम सिंह पुष्कर नामक दरोग़ा से वर्ष 2017 में शादी हुई थी। इसके बाद इस महिला ने उन पर बलात्कार का मुक़दमा दर्ज कराकर बयान भी दर्ज कराए थे। 20 दिन बाद ही वह अपने बयान से मुकर गई। इसके एवज़ में उसने दरोग़ा पुष्कर से माटी रकम ऐंठी थी।
दरोग़ा आदित्य कुमार का आरोप है कि इस महिला ने दो बैंक मैनेजर के खिलाफ भी बलात्कार के मुक़दमे दर्ज कराकर उनसे मोटी रकम वसूली है। यह महिला कई सरकारी कर्मचारियों को अपने जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये ऐंठ चुकी है।
पूरा मामला लूट का है और आरोप लगाने वाली महिला कई सरकारी कर्मचारियों को फर्जी मुकदमे में फंसा कर लाखों रुपए की ठगी कर चुकी है।
पुलिस कमिश्नर ने इस मामले में स्टाफ ऑफिसर अमिता सिंह को जांच सौंपी है। जांच अधिकारी अमिता सिंह ने बताया कि आरोप लगाने वाली महिला पहले से शादीशुदा है। दरोगा उनके साथ नहीं रहना चाहता। वही दरोगा ने पहले से शादीशुदा होने के साथ सरकारी कर्मचारियों को फर्जी मुकदमे में फंसा कर लाखों की ठगी करने की बात कही है। पूरे प्रकरण में टीम बना कर जांच की जा रही है।