दर्द के बीच उम्मीद की रौशनीः सांसद चाहर ने मासूम बिटिया को दिया संबल का साथ
आगरा। जब कोई मासूम ज़िंदगी दर्द से गुजर रही हो, तो संवेदनशीलता और संबल का हाथ थामना ही सबसे बड़ी सेवा होती है। खेरागढ़ क्षेत्र की दलित बेटी, जिसने हाल ही में एक भयावह त्रासदी का सामना किया, को आज उम्मीद की एक नई किरण मिली। सांसद राजकुमार चाहर ने उसके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक मदद दी, जो उसके विवाह के समय काम आएगी।
-न्याय की राह पर एक क़दम, पीड़िता को एक लाख की मदद के रूप में संवेदना और सहायता की मिसाल
खेरागढ़ के एक गांव में 17 अप्रैल की रात 12 वर्षीय बालिका के साथ हुए दुष्कर्म की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था। आरोपी को पुलिस द्वारा 21 अप्रैल को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इस बीच, पीड़िता और उसके परिवार के लिए न्याय और सहारे की उम्मीद सांसद राजकुमार चाहर के रूप में आई।
सांसद चाहर ने घटना के बाद परिवार से मिलकर बिटिया के विवाह के लिए एक लाख रुपये की निजी आर्थिक मदद देने की घोषणा की थी, जिसे आज उन्होंने पूरा किया। यह राशि बैंक में एफडी के रूप में रखी जाएगी, ताकि बालिग होने पर विवाह के समय यह सहायता उसका भविष्य संवार सके।
सांसद ने एसडीएम ऋषिराव से बातचीत कर पीड़िता के परिवार के पुनर्वास और पालन-पोषण पर भी चर्चा की। साथ ही नगर पालिका चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने पीड़िता की आगे की शिक्षा का खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली, जो समाज के संवेदनशील पक्ष को दर्शाता है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक महेश गोयल, एसडीएम ऋषिराव, नायब तहसीलदार विनोद कुमार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश गोयल, वरिष्ठ नेता श्याम सुंदर पाराशर सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।