आगरा में पुलिस के साथ मुठभेड़ में शातिर मोबाइल लुटेरा गोली लगने से घायल
आगरा। थाना लोहामंडी पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ में मोबाइल लूटने की फिराक में घूम रहे एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की फायरिंग के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
सूचना पर हुई घेराबंदी, बदमाश ने की फायरिंग
एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सूरज पुत्र रामबाबू, कोठी मीना बाजार के पास मोबाइल लूट की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।
जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल, मौके से तमंचा बरामद
पुलिस को देखकर सूरज ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली सूरज के पैर में लगी। घायल होने के बाद वह गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। मौके से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, एक ज़िंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया।
अस्पताल में भर्ती, ठीक होने पर होगी पूछताछ
घायल सूरज को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। ठीक होने के बाद पुलिस उससे लूट की घटनाओं को लेकर पूछताछ करेगी।