बल्केश्वर में निकाली गई शौर्य तिरंगा यात्रा में दिखा देशभक्ति का अद्भुत नज़ारा

आगरा। ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में वीर सैनिकों के सम्मान और राष्ट्रप्रेम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को बल्केश्वर क्षेत्र, वार्ड-91 में शौर्य तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ कपड़ा मंदिर से हुआ और समापन शनिदेव मंदिर, बल्केश्वर चौराहे पर देशभक्ति गीतों और श्रद्धांजलि के साथ किया गया।

May 22, 2025 - 19:41
 0
बल्केश्वर में निकाली गई शौर्य तिरंगा यात्रा में दिखा देशभक्ति का अद्भुत नज़ारा
बल्केश्वर क्षेत्र के वार्ड 91 में गुरुवार को निकाली गई शौर्य तिरंगा यात्रा में शामिल भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, पार्षद मुरारीलाल गोयल व अन्य स्थानीय नागरिक।

मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर ने हमारी सैन्य ताकत और संप्रभुता की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को सिद्ध किया है। यह यात्रा वीर जवानों के सम्मान की सार्वजनिक अभिव्यक्ति है।

यात्रा संयोजक एवं वार्ड पार्षद मुरारीलाल गोयल ने आयोजन को जनभागीदारी का उत्सव बताया और कहा कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम का बीजारोपण इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सैकड़ों देशभक्तों की सहभागिता ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

जगह-जगह की गई पुष्प वर्षा

यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई, देशभक्ति के नारों से गूंजता माहौल रहा और स्केटिंग करते बच्चों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। झंडों, बैंड-बाजों और देशभक्ति के गीतों से पूरा क्षेत्र देश प्रेम में सराबोर दिखा। लोगों के लिए जलपान, शीतल पेय व शरबत की व्यवस्थाएं भी की गई थीं।

समापन समारोह में वीर सैनिकों के बलिदान को नमन करते हुए देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति हुई और आयोजकों ने सभी सहभागी नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

यात्रा में इनकी भागीदारी खास रही

सुमन गोयल, डॉ. कुंदनिका शर्मा, सुरेश बवेजा, इंद्र डाबर, संजय वर्मा उर्फ पोला भाई, रविकांत चावला, हरिओम गोयल, महेश निषाद, रोहित कत्याल, विश्वनाथ भारद्वाज, मयंक खंडेलवाल, अरुण शिरोमणि सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समाजसेवी, भाजपा कार्यकर्ता एवं युवा शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor