आगरा में महाराजा अग्रसेन और महारानी संग 18 राजकुमारों की आरती, छात्र-छात्राओं का सम्मान
आगरा। श्री अग्रवंश सेवा समिति द्वारा अग्रकुल प्रवर्तक और समाजवाद के प्रणेता महाराजा अग्रसेन की 5149वीं जयंती पर शास्त्रीपुरम स्थित ग्रीन वैली में भव्य आयोजन किया गया। समारोह में महाराजा अग्रसेन जगदीश प्रसाद सिंघल और महारानी माधवी उर्मिला सिंघल के स्वरूप के साथ 18 राजकुमारों की दिव्य महाआरती की गई। अग्रवाल समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं का मंच पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थापक सीए मृदुल गर्ग, अतुल अग्रवाल, प्रवीन अग्रवाल, सुरेशचन्द बिंदल, हरिओम मित्तल और ब्रजेश अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर की। अध्यक्ष प्रमोद सिंघल ने बताया कि ग्यारवें जयंती महोत्सव में 18 राजकुमारों की दिव्य महाआरती ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम संयोजक मनीष अग्रवाल ने बताया कि दोपहर में गायन, नृत्य, मेहंदी और आर्ट एण्ड क्राफ्ट प्रतियोगिता में समाज के 60 बच्चों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। शाम को अग्रसेन मेले में समाज के छोटे-बड़े व्यापारियों ने स्टॉल लगाकर अपने व्यवसाय की जानकारी दी। मंच पर अग्रसमाज के नन्हे-मुन्ने बच्चों और महिलाओं ने प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोह लिया। मंच संचालन रिनेश मित्तल ने किया।
इस अवसर पर महासचिव विजय सिंघल, सुनील अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राजेश मित्तल, उपाध्यक्ष पवन मित्तल, विशाल मित्तल, राजकुमार, विजय गोयल, गौरव मंगल, पूजा अग्रवाल, करन गर्ग सहित समाज के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।