एसीबी की टीम केजरीवाल के घर पहुंची और नोटिस दिया
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के घर पर आज (7 फरवरी) एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम पहुंची। अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर एसीबी की टीम करीब डेढ़ घंटे तक रही और फिर वापस लौट गई। दिल्ली के पूर्व सीएम की लीगल टीम ने कहा कि एसीबी की टीम बिना किसी नोटिस के आई थी।
अरविंद केजरीवाल की लीगल टीम को एसीबी ने नोटिस दिया है। एसीबी की टीम ने आप के संयोजक से बयान दर्ज कराने को कहा है। आम आदमी पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की खरीद-फरोख्त के लिए 15-15 करोड़ रुपये के ऑफर का आरोप लगाया गया था।
आम आदमी पार्टी लीगल सेल के अध्यक्ष संजीव नासियार ने कहा, "एसीबी की टीम पिछले डेढ़ घंटे से बिना किसी नोटिस या निर्देश के यहां बैठी थी। उनके पास ना तो कोई स्टाम्प थी और ना ही कोई पेपर, नोटिस या इंस्ट्रक्शन थी। जिस तरीके से उन्होंने ऊपर से इंस्ट्रक्शन ली। इसमें नोटिस मंगवाने में उन्हें डेढ़ घंटा समय लग गया। नोटिस भी बाहर से तैयार होकर आया।''