आगरा के स्टेडियम में हादसाः जिम में सिर के बल गिर बेहोश हुई कबड्डी प्रशिक्षु, खतरे से बाहर

आगरा, 15 अक्टूबर। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के जिम में बुधवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कबड्डी छात्रावास की एक प्रशिक्षु नीतू अभ्यास के दौरान सिर के बल गिर पड़ी। हादसे में उसे सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गई। साथी प्रशिक्षुओं और जिम स्टाफ ने तुरंत समझदारी दिखाते हुए उसे एस.एन. मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

Oct 15, 2025 - 14:02
 0
आगरा के स्टेडियम में हादसाः जिम में सिर के बल गिर बेहोश हुई कबड्डी प्रशिक्षु, खतरे से बाहर
एकलव्य स्टेडियम स्थित वह जिम जहां कबड्डी की एक प्रशिक्षु सिर के बल गिरने बेहोश हो गई थी।

पैरों की पकड़ छूटते ही हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह कबड्डी छात्रावास की तीन प्रशिक्षु नियमित अभ्यास के लिए एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के जिम में आई थीं। इसी दौरान नीतू नामक प्रशिक्षु एक एक्सरसाइज करते समय बार पर पैरों से लटककर सिर नीचे किए हुए थी। अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और पैरों की पकड़ छूट गई। वह सीधे सिर के बल नीचे गिर पड़ी। चोट लगने से वह बेहोश हो गई।

प्रशिक्षकों ने दिखाई तत्परता

जिम में मौजूद प्रशिक्षक हरदीप सिंह हीरा और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर छात्रा को उठाया और कबड्डी कोच विजयलक्ष्मी सिंह को बुलाया। सबकी मदद से घायल प्रशिक्षु को निजी वाहन से तत्काल एस.एन. मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक्स-रे किया, जिसमें कोई हड्डी टूटने की पुष्टि नहीं हुई। अब छात्रा का सीटी स्कैन कराया जा रहा है ताकि आंतरिक चोटों की स्थिति स्पष्ट हो सके। डॉक्टरों ने बताया कि छात्रा को फिलहाल होश आ गया है और हालत स्थिर है।

राहत की सांस ली स्टेडियम प्रशासन ने

हादसे की जानकारी मिलते ही स्टेडियम प्रशासन और खेल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। छात्रा की स्थिति सामान्य होने की सूचना पर सभी ने राहत की सांस ली। स्टेडियम कोचों ने कहा कि पहले भी इस तरह की हल्की घटनाएं अभ्यास के दौरान घट चुकी हैं, लेकिन इस बार गम्भीर चोट की आशंका से सभी चिंतित हो गए थे।

खिलाड़ियों में सावधानी बरतने की अपील

जिम प्रशिक्षकों ने सभी खिलाड़ियों से अपील की है कि वे एक्सरसाइज के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन जरूर करें और किसी भी कठिन अभ्यास से पहले प्रशिक्षक की निगरानी में ही ट्रायल करें।

SP_Singh AURGURU Editor