बरेली में हादसाः भैंसे की पूंछ पकड़कर नदी पार कर रहा किसान रहस्यमय ढंग से लापता, मगरमच्छ के खींच ले जाने की आशंका से दहशत, सर्च ऑपरेशन जारी

-आरके सिंह- बरेली। जिले में बहगुल नदी में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढकनी रजपुरी निवासी 65 वर्षीय किसान मोहम्मद साबिर अली खेतों की ओर जाते समय भैंसे की पूंछ पकड़कर नदी पार करने का प्रयास कर रहे थे, तभी वह गहरे पानी में लापता हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने नदी में मगरमच्छ होने की आशंका जताते हुए दावा किया कि संभव है किसी मगरमच्छ ने उन्हें गहरे पानी में खींच लिया हो। सूचना पर पुलिस, एनडीआरएफ और पीएसी की टीमें मौके पर पहुंचीं और देर शाम तक संयुक्त सर्च अभियान चलाती रहीं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसान का कोई पता नहीं चल सका था।

Jul 24, 2026 - 18:59
 0
बरेली में हादसाः भैंसे की पूंछ पकड़कर नदी पार कर रहा किसान रहस्यमय ढंग से लापता, मगरमच्छ के खींच ले जाने की आशंका से दहशत, सर्च ऑपरेशन जारी
फाइल फोटो- मोहम्मद साबिर अली।

जानकारी के अनुसार, ग्राम ढकनी रजपुरी निवासी मोहम्मद साबिर अली (65) पुत्र मोहम्मद सद्दीक शुक्रवार दोपहर अपने खेतों की ओर जा रहे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नदी पार करने के लिए उन्होंने एक भैंसे की पूंछ का सहारा लिया, जैसा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई बार लोग करते हैं। इसी दौरान बहगुल नदी के बीच तेज बहाव में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में समा गए।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर काफी देर तक तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बहगुल नदी में मगरमच्छों की मौजूदगी की चर्चाओं के कारण कोई भी व्यक्ति गहरे पानी में उतरने का साहस नहीं कर सका, जिससे शुरुआती बचाव कार्य प्रभावित हुआ।

मामले की जानकारी मिलते ही फरीदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और पीएसी  के गोताखोरों को भी बुलाया गया। दोनों टीमों ने नदी के कई हिस्सों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक मोहम्मद साबिर अली का कोई सुराग नहीं मिल सका।

फरीदपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और लगातार सर्च अभियान जारी है। नदी में मगरमच्छ होने की आशंका के मद्देनजर विशेष बचाव दल की सहायता ली गई है। उन्होंने कहा कि लापता किसान की तलाश जारी है और आगे की कार्रवाई जांच एवं बरामदगी के आधार पर की जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि बहगुल नदी में लंबे समय से मगरमच्छ देखे जाने की बातें सामने आती रही हैं। इसी वजह से आशंका जताई जा रही है कि किसान को मगरमच्छ गहरे पानी में खींच ले गया हो। हालांकि, पुलिस या वन विभाग ने अभी तक इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल बचाव दल नदी में लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor