इराक के कुट में हादसाः हाइपर मार्केट में भीषण आग, 60 की मौत, 11 लापता
कुट। इराक के वासित प्रांत स्थित कुट शहर में एक नवनिर्मित मल्टी-स्टोरी हाइपर मार्केट में भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 60 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 से अधिक लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे में करीब 45 लोगों को सुरक्षित बचाया गया, हालांकि कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हादसे में अधिकतर लोगों की मौत धुएं में दम घुटने से हुई, जबकि 14 शव इस कदर जल चुके हैं कि उनकी शिनाख्त कठिन हो गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग की शुरुआत मॉल के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एयर कंडीशनर या परफ्यूम शॉप में विस्फोट से हुई। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
चौंकाने वाली बात यह है कि यह हाइपर मार्केट सिर्फ पांच से सात दिन पहले ही शुरू हुआ था, और इसमें आग से बचाव के जरूरी इंतज़ाम, जैसे इमरजेंसी एग्जिट्स, फायर अलार्म और स्प्रिंकलर सिस्टम नहीं थे।
सरकार ने हादसे को लेकर तीन दिन का शोक घोषित किया है। मॉल और इमारत के मालिकों पर लापरवाही और गैर इरादतन हत्या के आरोप में कार्रवाई की जा रही है। घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गये हैं।