लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मैनपुरी में एक्सीडेंट, कानपुर के पेंट कारोबारी समेत दो की मौत, दो घायल
मैनपुरी। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर करहल थाना क्षेत्र में हुए बड़े सड़क हादसे में कानपुर के जाने-माने पेंट कारोबारी और दिल्ली निवासी वुड़को पेंट कंपनी के मैनेजर की मौके पर ही मौत हो गई। कार डिवाइडर से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो हुए हैं, जिन्हें सैफ़ई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
-कानपुर से दिल्ली जा रहे थे पेंट कारोबारी सागर कपूर, कार के डिवाइडर से टकराने पर हुआ जानलेवा हादसा
हादसे में कानपुर के गोविंद नगर निवासी सागर कपूर की मौके पर ही मौत हो गई। वह पेंट कारोबार से जुड़े थे और व्यापार जगत में उनकी अच्छी पहचान थी। उनके साथ कार में सवार दिल्ली निवासी जितेंद्र आहूजा, जो वुड़को कंपनी में मैनेजर थे, भी मौके पर ही दम तोड़ बैठे। दोनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कार में साथ सफर कर रहे गंगागंज, पनकी निवासी रेलकर्मी दुर्गा प्रसाद और पेंट कंपनी के कानपुर मंडल के सेल्स मैनेजर राजेश ओझा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को राहगीरों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत देखते हुए उन्हें सैफ़ई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, चारों लोग कानपुर से दिल्ली किसी व्यवसायिक कार्य से जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार करहल थाना क्षेत्र में पहुंची, अचानक वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
Top of Form
Bottom of Form