आगरा में वृद्धा से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली लगने से घायल, साथी फरार
आगरा। खंदौली थाना पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद उस दरिंदे को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने बीती रात एक 65 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने पकड़ से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई पुलिस की आत्मरक्षात्मक कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया।
थाना खंदौली क्षेत्र के नाई की सराय, बिहारी नगर में रहने वाली 65 वर्षीय महिला के बीती रात शौच के लिए जाते समय आरोपी ने उसे पकड़ लिया था और बलात्कार को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि शनिवार रात सूचना मिली कि दुष्कर्म का आरोपी अपने साथी के साथ यमुना एक्सप्रेसवे के पास मौजूद है। थाना पुलिस और एसओजी की टीम ने जब संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। एसीपी ने बताया कि घायल आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।