एडीए ने अटलपुरम् टाउनशिप में फेस-3 के सेक्टर-8 में प्लॉट बुकिंग शुरू, मंडलायुक्त और उपाध्यक्ष ने किया शुभारंभ
आगरा। ग्वालियर रोड पर अटलपुरम् टाउनशिप में घर का सपना देखने वालों के लिए बड़ी खबर है। आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही अटलपुरम् टाउनशिप के फेस-3 के सेक्टर-8 में आवासीय भूखंडों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुक्रवार से शुरू हो गए हैं। पंजीकरण प्रक्रिया का शुभारंभ मंडलायुक्त सभागार में मंडलायुक्त एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष नगेंद्र प्रताप सिंह और उपाध्यक्ष एम. अरुन्मौली ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया की शुरुआत करते हुए मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अटलपुरम् टाउनशिप को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, सुव्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से विकसित करना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से टाउनशिप की प्रगति, प्रस्तावित लेआउट और भविष्य की विकास योजनाओं की विस्तार से जानकारी भी ली।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि अटलपुरम् टाउनशिप के लिए अधिग्रहीत भूमि पर सड़कों के निर्माण, बाउंड्रीवाल, आंतरिक विकास कार्य और आधारभूत संरचना का काम जल्द ही शुरू कराया जाएगा। उद्देश्य यह है कि आवंटियों को शीघ्र ही विकसित भूखंड उपलब्ध कराए जा सकें और क्षेत्र को एक आदर्श आवासीय टाउनशिप के रूप में स्थापित किया जा सके।
गौरतलब है कि ग्वालियर रोड पर स्थित अटलपुरम् टाउनशिप को सुनियोजित आवासीय परियोजनाओं में गिना जा रहा है। फेस-3 के सेक्टर-8 में भूखंडों के पंजीकरण शुरू होने से रियल एस्टेट बाजार में भी नई हलचल देखी जा रही है और आमजन में खासा उत्साह है।