जल त्यागे किसानों की हालत बिगड़ी, प्रशासन ने जबरन जिला अस्पताल भेजा
किसान नेता आठ दिनों से जल का त्याग किए धरने पर बैठे हैं आगरा। सहकारिता विभाग के गोदाम निर्माण में घोटाले और अनियमितता में लिप्त भ्रष्ट अधिकारियों और सहकारी आवासीय समिति के फर्जी सचिव पर कानूनी कार्रवाई कर जेल भेजे जाने की मांग को लेकर आठ दिन से जल त्याग किए धरने पर बैठे किसान नेताओं की हालत बिगड़ने पर उन्हें आज प्रशासन ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
विकास भवन पर 13 दिन से धरना दिए बैठे हैं। इनमें से किसान नेता श्याम सिंह चाहर, किसान-मजदूर नेता चौ. दिलीप सिंह, रामवीर सिंह और प्रदीप कुमार आठ दिन से जल त्यागे हुए हैं। आज इनकी हालत बिगड़ने पर
सिटी मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान ने चारों किसान नेताओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
धरने का नेतृत्व कर रहे किसान नेता चौधरी दिलीप सिंह ने कहा कि सहकारिता विभाग गोदाम निर्माण में 4 करोड़ 12 लाख रुपये के घोटाले व अनियमितताओं में लिप्त भ्रष्ट अधिकारियों व सहकारी आवासीय समिति के फर्जी सचिव पर कानूनी कार्यवाही कर जेल भेजा जाए।
किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने कहा कि पुलिस- प्रशासन दोषियों को बचाने के प्रयास में लगा हुआ है। किसान घोटाले का खुलासा व दोषियों पर कार्यवाही न होने तक चैन से नहीं बैठेंगे।
धरने में रामवीर त्यागी, सत्यवीर चाहर, प्रदीप शर्मा, भरत कुशवाह, वीरेंद्र सिंह चाहर, राजेंद्र सिंह प्रधान, दाताराम लोधी, कल्याण सिंह, बाल किशोर गोस्वामी, सुरेन्द्र सिंह, राम गोपाल चाहर, मुकेश सविता, नागेंद्र सिंह आदि किसान मौजूद रहे।