आगरा कॉलेज में बीए व बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, मेरिट सूची जारी

आगरा। आगरा कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए बीए एवं बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया विधिवत प्रारंभ कर दी गई है। यह जानकारी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने दी। उन्होंने बताया कि प्रवेश पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के तहत कराये जा रहे हैं।

Jul 2, 2025 - 17:22
 0
आगरा कॉलेज में बीए व बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, मेरिट सूची जारी

बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन कर चुके पात्र अभ्यर्थियों को काउंसलिंग एवं दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 04 जुलाई और आरक्षित वर्ग (EWS, OBC, SC/ST) के अभ्यर्थियों को 05 जुलाई को पं. गंगाधर शास्त्री भवन में प्रातः 10:00 बजे तक पहुंचना अनिवार्य है। यह जानकारी प्रवेश समन्वयक प्रो. मृणाल शर्मा ने दी।

इसी के साथ विज्ञान संकाय के अंतर्गत बीएससी प्रथम वर्ष (गणित एवं जीवविज्ञान वर्ग) में प्रवेश हेतु प्रथम कट ऑफ मेरिट सूची 02 जुलाई को जारी कर दी गई है। चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 07 जुलाई (सोमवार) को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक जीएसबी हॉल, आगरा कॉलेज में आयोजित की जाएगी।

प्रो. मृणाल शर्मा के अनुसार, बीएससी में श्रेणीवार मेरिट इस प्रकार है- सामान्य वर्ग – 59.20, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग – 57.40, अन्य पिछड़ा वर्ग – 45.80 तथा अनुसूचित जाति – 45.00 अंक।

प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्नलिखित मूल दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा। ये हैं- हाई स्कूल व इंटरमीडिएट की अंकतालिकाएं, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र (जहाँ लागू हो), स्थानांतरण प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, ऑनलाइन पंजीकरण फॉर्म, समर्थ पोर्टल की प्रति, 425/- की शुल्क रसीद और दो पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटोग्राफ।

प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय पालन करें और सभी आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पर विचार नहीं किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor