प्राकृतिक जीवनशैली अपनाएं, कहें ग्रीन मॉर्निंग: एओएस वर्कशॉप में डॉक्टर सुशील गुप्ता का आह्वान
आगरा। वर्तमान की व्यस्त जीवनशैली में स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए संतुलित डायट, प्रकृति से जुड़ाव, नियमित व्यायाम और प्रेम जैसे चार मूल मंत्र आवश्यक हैं। इन्हें अपनाकर न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और सामाजिक रूप से भी स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है। यह विचार एमडी फिजिशियन गोल्ड मेडलिस्ट डॉ. सुशील गुप्ता ने आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी (एओएस) द्वारा आयोजित कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में व्यक्त किए।
कार्यशाला मंगलवार सुबह दयालबाग स्थित खेलगांव में आयोजित की गई, जिसकी थीम रही- सन साइन इज लाइफ लाइन। यह कार्यशाला बोन एंड जॉइंट वीक के अंतर्गत आयोजित की गई थी।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि अगर हम गुड मॉर्निंग की जगह ग्रीन मॉर्निंग कहें और सचमुच प्रकृति से जुड़ने के प्रयास करें तो इसका सकारात्मक असर पूरे जीवन पर पड़ेगा। उन्होंने प्रकृति प्रेम को दैनिक आदत का हिस्सा बनाने और हड्डियों व जोड़ संबंधित समस्याओं से बचाव के लिए व्यायाम की उपयोगिता पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद डॉ. सुशील गुप्ता (डायरेक्टर, प्रील्यूड पब्लिक स्कूल एवं अप्सा अध्यक्ष) ने एओएस के जागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए आगरा वासियों से अधिकाधिक भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम में सवाल-जवाब के सत्र में मौजूद नागरिकों और चिकित्सकों ने डॉ. गुप्ता से स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछे और जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
एओएस अध्यक्ष डॉ. अतुल अग्रवाल, सचिव डॉ. अनुपम गुप्ता और कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव बोहरा ने मुख्य वक्ता व अतिथि को पटका पहनाकर व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
विचार साझा करने वालों में डॉ. डीवी शर्मा, डॉ. अशोक विज, डॉ. संजय चतुर्वेदी, डॉ. प्रमोद गुप्ता, डॉ. मुकेश गोयल भी शामिल थे। डॉ. अशोक शर्मा, डॉ. शरद गुप्ता, डॉ. समीक्षा गुप्ता, डॉ. अर्चना पांडेय, डॉ. अमित चंद्रा, डॉ. अरविंद यादव, डॉ. राजीव गुप्ता, डॉ. प्रभात कुमार सिंह, डॉ. आमोद शंकर, डॉ. अरुण अग्रवाल, डॉ. मुकेश चौहान, समक्ष जैन आदि मौजूद रहे।
एओएस अध्यक्ष डॉ. अतुल अग्रवाल ने बताया कि 6 अगस्त को पालीवाल पार्क में एक वर्कशॉप आयोजित होगी जिसमें मार्निंग वॉक के सही तरीकों पर लोगों को प्रशिक्षित किया जाएगा। 7 अगस्त को आगरा के सभी ऑर्थोपेडिक क्लीनिक व अस्पतालों में फिजियोथेरेपी सेशंस आयोजित होंगे, जिनमें सामान्य नागरिकों को निशुल्क मार्गदर्शन दिया जाएगा।