बरेली में मुठभेड़ के बाद 25-25 हजार के इनामी दो बदमाश गिरफ्तार, इनमें एक अलीगढ़ का
-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में गुरुवार तड़के एक बड़ी पुलिस कार्रवाई में दो कुख्यात बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगने के बाद उन्हें घायल अवस्था में पकड़ा गया। इनके पास से लूट की एक सोने की चेन, 45 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त एक चोरी की काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार दोनों बदमाशों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वे हाल ही में प्रेमनगर थाना क्षेत्र में हुई दो लूट की वारदातों में शामिल थे।
-पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों को लगी गोली, लूटी गई चेन, नकदी और चोरी की बाइक बरामद
प्रेमनगर पुलिस की टीम जब गुरुवार सुबह लगभग 5:30 से 6:00 बजे के बीच धर्म कांटा से कुद्देशिया पुल की ओर जा रही थी, तभी उन्हें एक काली स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस टीम ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सलमान (26 वर्ष), निवासी लोको कॉलोनी, गली नंबर 15, थाना सिविल लाइन, जनपद अलीगढ़ और इस्लाम कादिर (23 वर्ष), निवासी मोहल्ला बानाखाना, थाना प्रेमनगर, बरेली के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस को इनकी तलाश थी।
क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम आशुतोष शिवम् ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपने अपराध कबूल किए हैं और कुछ अन्य घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकारी है। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई चैन और अन्य लूटपाट की घटनाओं में संलिप्तता की जांच में जुट गई है। साथ ही इनके अन्य साथियों की तलाश के लिए भी टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
गिरफ्तार बदमाशों का इस समय अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाएगा। मुठभेड़ स्थल से लूट की गई संपत्ति के अलावा, चोरी की बाइक भी बरामद की गई है जिससे उनकी अन्य वारदातों की जांच में भी मदद मिलेगी।