चेन खींचने के बाद दिल्ली के लुटेरे आगरा में फिर लौट आए थे लूट के मिशन पर: जगदीशपुरा पुलिस ने तीन बदमाश दबोचे, लूट की बाइक और नकदी बरामद
आगरा। जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और सर्विलांस/एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली से आए तीन लुटेरों को दबोचा गया है, जो विगत 10 नवंबर को सेंट्रल पार्क, आवास विकास कॉलोनी में एक पैदल व्यक्ति से सोने की चेन छीनने के बाद फिर से लूट की वारदात को अंजाम देने के इरादे से आगरा लौटे थे। पकड़े गए आरोपियों में हनी उर्फ अरप्रीत, साहिब उर्फ प्रभजोत और इकबाल कुरैशी शामिल हैं। इनके कब्जे से लूटी गई चेन बेचने से मिली रकम में से 60,300 नकद और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है, जो दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र से चोरी की गई थी।
जगदीशपुरा पुलिस ने बताया कि संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान अवधपुरी फाटक के पास से हनी और साहिब को गिरफ्तार किया, जबकि तीसरे आरोपी इकबाल को क्षेत्र से ही दबोच लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर इनकी पहचान की और कार्रवाई की।
पूछताछ में लुटेरों ने बताया कि 9 नवंबर को ये तीनों स्पोर्ट्स बाइक से दिल्ली से आगरा आए थे और सिकंदरा के एक गेस्ट हाउस में ठहरे। अगले दिन सुबह उन्होंने आवास विकास कॊलोनी में स्थित सेंट्रल पार्क रोड का जायजा लिया और भीड़भाड़ कम होने का फायदा उठाते हुए पैदल जा रहे एक व्यक्ति से चेन छीन ली। रकम बांटने को लेकर तीनों में विवाद भी हुआ। हनी और साहिब ने इकबाल को हिस्सा दिए बिना रुपये बांट लिए थे।
आगरा में चेन लूटने के बाद आरोपी पहले जयपुर गये और फिर वहां से दिल्ली पहुंचे। दिल्ली में ही उन्होंने एक राहगीर को लूटी हुई चेन 75 हजार रुपये में बेच दी थी। मगर कुछ दिनों बाद फिर से वारदात की योजना बनाकर ये तीनों आगरा पहुंचे थे, लेकिन इस बार वारदात करने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गये। पुलिस ने छानबीन के बाद दिल्ली पुलिस को भी चोरी की बाइक की जानकारी साझा कर दी है।
पकड़े गए अभियुक्तों में हनी उर्फ अरप्रीत (विष्णु गार्डन, दिल्ली), साहिब उर्फ प्रभजोत (गीता कॉलोनी, पूर्वी दिल्ली) और इकबाल कुरैशी (मालवीय नगर, दिल्ली) शामिल हैं।