धर्मांतरण की डॊक्यूमेंट्री देख सीएम योगी बोले- पुलिस जड़ तक जाकर सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलाए
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आगरा में धर्मांतरण के नाम पर चल रहे राष्ट्रविरोधी रैकेट पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस कमिश्नर को स्पष्ट आदेश दिया- तह तक जाइए और एक-एक गुनहगार को कानून के कटघरे तक लाइए। यह निर्देश उन्होंने उस समय दिए जब आगरा पुलिस ने कमिश्नरी सभागार में आगरा पुलिस द्वारा तैयार डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से पूरे रैकेट की भयावह सच्चाई उनके सामने रखी गई।
मुख्यमंत्री के सामने खुली धर्मांतरण की भयावह साजिश
मंडलायुक्त सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की बैठक समाप्त होने के बाद पुलिस कमिश्नर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मंत्रीगण और विधायकों को एक छोटे हॉल में ले जाकर धर्मांतरण गिरोह पर तैयार डॉक्यूमेंट्री दिखाई।
इसमें दिखाया गया कि कैसे आगरा की दो सगी बहनों को बहला-फुसलाकर पहले दिल्ली, फिर कश्मीर, बिहार होते हुए कोलकाता तक ले जाकर उनका ब्रेनवॉश किया गया और उन्हें कट्टर मजहबी मानसिकता से जोड़ा गया।
सभी की आंखें खुली की खुली रह गईं
जैसे-जैसे डॉक्यूमेंट्री आगे बढ़ी, मुख्यमंत्री और उपस्थित जनप्रतिनिधि स्तब्ध रह गए। इसमें रैकेट के सुनियोजित तरीकों, लड़कियों को फुसलाने के तरीके, सोशल मीडिया के इस्तेमाल, धार्मिक उन्माद की ट्रेनिंग, और देशभर में नेटवर्क का खुलासा किया गया। अब तक पकड़े जा चुके लोगों के चेहरे भी डॊक्यूमेंट्री में दिखाए गए।
डॉक्यूमेंट्री खत्म होते ही सीएम के तेवर सख्त दिखे। उन्होंने कहा- सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। पुलिस जांच में कोई कोताही न बरते। सीएम ने कहा कि पुलिस इस पूरे रैकेट की जड़ तक पहुंचे। जो भी व्यक्ति या संगठन इसके पीछे हैं, चाहे वो कहीं भी हों, उन्हें बेनकाब करें और जेल भेजें।
इस दौरान मुख्यमंत्री को बताया गया कि रैकेट से जुड़े कई अन्य राज्यों के लिंक भी चिन्हित कर लिए हैं। जल्द ही दूसरे चरण की गिरफ्तारी और छापेमारी की योजना है।