15 हजार के इनामी बरेली मौलाना तौकीर के निजी सचिव अफजाल बेग ने कोर्ट में किया सरेंडर
बरेली। इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा के निजी सचिव अफजाल बेग ने बुधवार को एसीजेएम तृतीय की अदालत में चुपचाप आत्मसमर्पण कर दिया। अफजाल पर शहर में 26 सितंबर को हुए उपद्रव के के बाद 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। कोर्ट ने बेग को फिलहाल जेल भेज दिया है।
विहारीपुर सिविल लाइंस निवासी अफजाल बेग आईएमसी की पूर्व कमेटी में पदाधिकारी रह चुका है और पार्टी प्रवक्ता डॉ. नफीस के साथ हमेशा मौलाना के निकट रहा। अदालत में अपने वकील और कुछ खास लोगों की मदद से उसने पुलिस की मौजूदगी के बावजूद चुपचाप आत्मसमर्पण किया।
किला थाना प्रभारी सुभाष सिंह ने बताया कि अफजाल बेग बारादरी थाने में दर्ज बवाल के मुकदमे में भी वांछित है, लिहाजा वहां की पुलिस उसकी रिमांड मांगेगी।
बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस अभी भी अन्य वांछित आरोपियों साजिद सकलैनी, नायाब उर्फ निम्मा, बबलू खान, नदीम, अदनान सकलैनी, अल्तमस रजा की तलाश कर रही है। भागे हुए आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट लेने, इनाम बढ़ाने, कोर्ट की अनुमति से कुर्की करने और संपत्ति का चिह्नांकन करने की योजना बनाई जा रही है।
26 सितंबर को पांच थानों में दस मुकदमे दर्ज किए गए थे। इसके अलावा आईएमसी से जुड़े फर्जी दस्तखत और वर्ष 2019 के एनआरसी विरोध मामले में मौलाना तौकीर और उनके सहयोगियों के खिलाफ कुल 13 मुकदमों की रोजाना समीक्षा की जाती है। प्रतिदिन संबंधित टीमों को कैंप कार्यालय बुलाकर कार्रवाई और आगे की रणनीति तय की जाती है।