आगराः मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में एत्मादपुर–खंदौली क्षेत्र के 53 जोड़े बने जीवनसाथी

आगरा। एत्मादपुर–खंदौली रोड स्थित विशाल ग्रीन गार्डन में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत एत्मादपुर एवं खंदौली ब्लॉक के 53 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन सामाजिक समरसता, समानता और जनकल्याण की भावना का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया, जहां सादगी, सम्मान और सहयोग की मिसाल देखने को मिली।

Feb 23, 2026 - 18:48
 0
आगराः मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में एत्मादपुर–खंदौली क्षेत्र के 53 जोड़े बने जीवनसाथी
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत एत्मादपुर के विशाल ग्रीन गार्डन में नवदंपतियों को आशीर्वाद देते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और क्षेत्रीय विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह।

समारोह में क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, खंदौली के ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा, एत्मादपुर ब्लॉक प्रमुख पति एवं प्रतिनिधि अवधेश उर्फ रामू भाई, मंडल अध्यक्ष स्वदेश बघेल, खंड विकास अधिकारी विजय कुमार अग्रवाल सहित दोनों ब्लॉकों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। यह योजना न केवल बेटियों के विवाह को सम्मानपूर्वक संपन्न कराने में सहायक है, बल्कि समाज में समानता, सहयोग और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ना है।

विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने 53 नवविवाहित जोड़ों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इस जनहितैषी और समाजहितैषी योजना के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने नवदंपतियों के सुखद, समृद्ध और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पूरे आयोजन के दौरान विवाह स्थल पर उल्लास, परंपरा और संस्कारों का सुंदर संगम देखने को मिला। नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों के चेहरे पर संतोष और खुशी स्पष्ट झलक रही थी।

SP_Singh AURGURU Editor