अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आगरा हुआ योगमय: जनक पार्क, प्रिल्यूड, ऒगरा कॊलेज, पंचवटी और स्टेडियम में उत्साह

आगरा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को पूरा आगरा योगमय नजर आया। शहर के शिक्षण संस्थानों, कॉलोनियों, सरकारी विभागों, पार्कों और अपार्टमेंट्स में सुबह से ही लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

Jun 21, 2025 - 13:11
Jun 21, 2025 - 18:43
 0
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आगरा हुआ योगमय: जनक पार्क, प्रिल्यूड, ऒगरा कॊलेज, पंचवटी और स्टेडियम में उत्साह

बच्चों से लेकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों तक ने इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। जनक पार्क, पार्श्वनाथ पंचवटी कॉलोनी और एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, आगरा कॊलेज जैसे प्रमुख स्थलों पर हुए कार्यक्रमों में अलग-अलग समूहों ने योग को समर्पित भाव से अपनाया और “करो योग, रहो निरोग” का संकल्प लिया।

जनक पार्क में दिव्यांगजनों के लिए विशेष योग सत्र

कमलानगर स्थित जनक पार्क में आगरा डीफ एनेबल सोसाइटी द्वारा दिव्यांगजनों के लिए विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। अनुवादक श्रीमती ललिता गुप्ता और महासचिव अंशु गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस सत्र में करीब 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बलदेव, टीना गुप्ता, रश्मि, काजल, जीतू, विकास जैन, गौरव अग्रवाल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन में जनक पार्क विकास समिति का सहयोग सराहनीय रहा। उद्देश्य था दिव्यांगजनों को योग के प्रति जागरूक बनाना।

प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में उत्साहपूर्ण आयोजन, निदेशक ने दिलाया संकल्प

प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को ग्यारहवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अत्यंत उत्साह और अनुशासन के साथ मनाया गया। विद्यालय निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने उपस्थित छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर बाल भारती विद्यालय के छात्रों ने भी भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम की शुरुआत योग प्रशिक्षकों अभि सिरोही और ऋषभ गौतम के मार्गदर्शन में हुई, जिन्होंने योग के लाभों और विविध मुद्राओं पर प्रकाश डाला। उनके साथ छात्र-छात्राओं गौरी सिंह, विहानी धमीजा, आदित्य वर्मा और प्रथम गुप्ता ने भुजंगासन, पर्वतासन, त्रिकोणासन, वृक्षासन, मंडूकासन, नौकासन और प्राणायाम जैसे कपालभाति व अनुलोम-विलोम का अभ्यास कराया।

विद्यालय परिसर के शांत, हरित वातावरण में जब हास्य योग सत्र आयोजित हुआ, तो पूरा परिसर ऊर्जा और आनंद से भर उठा। इस सत्र में शिक्षकों आनंद अग्रवाल, नीमा साहनी, गुरु सरन और काजल वासुदेव ने मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग संस्था की ओर से डॉ. रश्मि मिश्रा, प्रीति अग्रवाल और मास्टर अनंत की भागीदारी रही, जिन्होंने अपनी विशिष्ट योग क्रियाओं से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध किया।

योग प्रदर्शन में उत्कृष्ट रहे छात्रों प्राची, हिमांशी, अक्षर सरन, आराध्या सरन और कृतिका एवं अभिभावक प्रवीण वर्मा, सिरिना, अर्पित मखीजा, साक्षी गुप्ता और अमित कुमार को सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को ई-प्रमाणपत्र और टी-शर्ट प्रदान की गई।

पंचवटी कॉलोनी में सफेद वस्त्रों में सूर्य नमस्कार

ताज नगरी फेस-2 स्थित पार्श्वनाथ पंचवटी कॉलोनी के योगा पार्क में पंचवटी परिवार ने सफेद ड्रेस कोड में योग दिवस मनाया। योग शिक्षिका स्वाति मेहंदीरता के नेतृत्व में सूर्य नमस्कार सहित ताड़ आसन, मेडूक आसन, सशोक आसन, जानू शीर्ष आसन, दंड आसन, पवन मुक्त आसन, शलभ आसन आदि कराए गए। संस्था के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, संरक्षक श्याम भोजवानी, सुशील आहूजा, गुरमीत सिंह सलूजा, सुघरीव चौहान आदि सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे। बताया गया कि यहां 2008 से नियमित योग कक्षाएं चल रही हैं।

एकलव्य स्टेडियम में हजारों बच्चों का सामूहिक योग

अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह के अंतिम दिन आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में हजारों बच्चों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। योग गुरु परमजीत सरना और आकांक्षा शर्मा के निर्देशन में बच्चों ने योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया। बच्चों के जोश और अनुशासन ने पूरे वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। कार्यक्रम ने योग के भविष्य और अगली पीढ़ी में इसके प्रसार की उम्मीदों को मजबूती दी।

आगरा कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास, सूर्य नमस्कार रहा मुख्य आकर्षण

आगरा कॉलेज परिसर स्थित गंगाधर शास्त्री उद्यान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सफल संयोजन कॉलेज की एनसीसी समन्वयक कैप्टन रीता निगम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ से पधारे योगाचार्य श्री सुरेश कुशवाहा एवं योग शिक्षिका श्रीमती स्नेहा सिंह ने आयुष मंत्रालय द्वारा प्रेषित योग प्रोटोकॉल के अनुरूप योगाभ्यास कराया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरल यौगिक क्रियाओं से हुई, जिससे दैनिक जीवन की समस्याएं जैसे तनाव, अवसाद, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, थायरॉइड, घुटनों का दर्द व सर्वाइकल आदि से राहत पाने के उपाय बताए गए। इसके बाद अनुलोम-विलोम, भ्रामरी जैसे प्राणायाम कराए गए।

मुख्य आकर्षण रहा सामूहिक सूर्य नमस्कार, जिसे 10 बार कराया गया। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के उच्चारण के साथ हुआ।

इस अवसर पर प्रो. दीपक उपाध्याय, प्रो. भूपेंद्र सिंह चिकारा, प्रो. अशोक सिंह, प्रो. विनोद यादव, प्रो. श्याम गोविंद, प्रो. बी.के. शर्मा, प्रो. आशीष तेजस्वी, प्रो. भूपेंद्र चौधरी, डॉ. यादवेंद्र शर्मा, प्रो. कल्पना चतुर्वेदी, कैप्टन अमित अग्रवाल, प्रो. संध्या यादव, डॉ. जिनेश सिंह, प्रो. प्रभात यादव, डॉ. आर. पी. सिंह सहित अनेक प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एनसीसी (आर्मी, गर्ल्स, एयर विंग) के कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक, एवं कॉलेज के अशैक्षणिक कर्मचारीगण ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने उपस्थित सभी को योग को जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने और नियमित अभ्यास की प्रेरणा दी।

SP_Singh AURGURU Editor