आगराः यमुना में डूबे करबना के दो युवकों में से एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी

आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम यमुना नदी में नहाने गए पांच युवकों में से दो के गहरे पानी में डूब जाने के मामले में एक युवक का शव बरामद हो गया है। पांच में से तीन युवक तो किसी तरह बाहर निकल आए थे जबकि ऋषभ और प्रियांशु पानी की तेज धार में बह गए थे। शुक्रवार शाम ऋषभ का शव बरामद हो गया, जबकि प्रियांशु की तलाश के लिए 15 गोताखोरों और दो स्टीमर की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी है।

Oct 3, 2025 - 21:27
 0
आगराः यमुना में डूबे करबना के दो युवकों में से एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी
ताजगंज क्षेत्र में स्टीमर से डूबे युवक प्रियांशु की तलाश करती एनडीआरएफ की टीम।

गुरुवार शाम करबना गांव निवासी ऋषभ और प्रियांशु अपने दोस्तों संग नगला तलफी की तरफ यमुना किनारे घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान सभी युवक नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए और तेज धारा में डूब गए। उनके साथ मौजूद तीन युवक तो स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकल आए थे, लेकिन ऋषभ और प्रियांशु गहरे पानी में बहते चले गये थे।

मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से कल ही दोनों युवकों की तलाश शुरू करा दी थी। शुक्रवार शाम करीब छह बजे ऋषभ का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और माहौल गमगीन हो गया। वहीं प्रियांशु का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने शुरू में ढिलाई बरती और युवकों की तलाश में कोई गंभीर मदद नहीं की, जिसके चलते उन्हें खुद गोताखोर बुलाने पड़े। हालांकि इंस्पेक्टर जसवीर सिरोही का कहना है कि पुलिस की ओर से 15 गोताखोर और दो स्टीमर सर्च ऑपरेशन में लगाए गए हैं और लगातार प्रयास जारी हैं।

घटना से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और नदी किनारे बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor