आगरा में दिनदहाड़े दबंगई, एसयूवी से आए हमलावरों ने दो भाइयों को पीटा, अगवा करने की कोशिश

आगरा के जगदीशपुरा क्षेत्र में पेमेंट लेने गए दो भाइयों पर दबंगों ने हमला कर दिया। बंदूक की बट से मारपीट और अगवा करने की कोशिश की गई। घटना का CCTV वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Apr 20, 2026 - 20:57
 0
आगरा में दिनदहाड़े दबंगई, एसयूवी से आए हमलावरों ने दो भाइयों को पीटा, अगवा करने की कोशिश
मारपीट करते युवक।

आगरा। आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में दबंगों की खुलेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। यहां सफेद इको एसयूवी से आए हथियारबंद आरोपियों ने मेडिकल कंपनी में कार्यरत दो भाइयों पर हमला कर दिया। पीड़ित शिवम सिंह और सत्यम सिंह, जो मेडिकल कंपनी में एमआर (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) के पद पर कार्यरत हैं, 16 अप्रैल को पेमेंट लेने के लिए गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे दबंगों ने उन पर हमला बोल दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने दोनों भाइयों को गालियां देते हुए बंदूक की बट से बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जबरन दोनों को कार में बैठाकर अगवा करने की भी कोशिश की, लेकिन शोर-शराबा होने पर वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।

वारदात के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने पथीक यादव, अभय यादव, अमित यादव, जितेंद्र यादव समेत अन्य अज्ञात बंदूकधारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।