आगरा के बिल्डर ने बेची एक ही जमीन कई बार, अदालत के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

आगरा। रियल एस्टेट की दुनिया से जुड़ा एक सनसनीखेज फ्रॉड केस आगरा में सामने आया है। इस बिल्डर स्कैम में आरोप है कि एक बिल्डर ने एक ही जमीन को कई बार बेचकर 51 लाख रुपये की चीटिंग, फेक सेल डीड, प्रॉपर्टी डिस्प्यूट का खेल रचा। जब खरीदार ने रकम वापस मांगी, तो बिल्डर ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की और पिस्टल की नोक पर जान से मारने की धमकी दी।

Oct 30, 2025 - 18:17
Oct 30, 2025 - 20:33
 0
आगरा के बिल्डर ने बेची एक ही जमीन कई बार, अदालत के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

पीड़ित अजीत सिंह, निवासी भावना स्टेट, सिकंदरा, ने बताया कि उन्हें जमीन की जरूरत थी। कमलानगर निवासी बिल्डर रमेश चंद्र अग्रवाल उनके संपर्क में आया और बताया कि उसके पास तहसील एत्मादपुर के मौजा सतौली में जमीन है, जिसे वह बेचना चाहता है। अजीत सिंह ने भरोसा करते हुए 14 जून 2023 को 0.1540 हेक्टेयर भूमि का बैनामा अपने नाम कराया और 51 लाख रुपये का भुगतान भी किया।

कुछ समय बाद अजीत सिंह को पता चला कि जिस जमीन की उन्होंने रजिस्ट्री कराई, उसी गाटा संख्या की भूमि को बिल्डर ने पहले ही कई लोगों को बेच रखा था। राजस्व रिकॉर्ड में खुलासा हुआ कि वर्ष 2021 और 2022 में उसी भूमि के अलग-अलग हिस्सों की रजिस्ट्री अन्य खरीदारों के नाम की जा चुकी थी।

यह भी सामने आया कि जिस हिस्से की जमीन का बैनामा अजीत सिंह के नाम हुआ, उस पर बिल्डर का स्वामित्व ही नहीं था, और मौके पर 215 वर्ग मीटर भूमि कम पाई गई।

पीड़ित ने जब अपनी रकम वापस मांगनी चाही, तो बिल्डर ने पहले टालमटोल की, फिर धमकाना शुरू कर दिया। जनवरी 2025 में एत्मादपुर में हुई मुलाकात के दौरान रमेश अग्रवाल और उसके साथियों ने मारपीट व गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, अगस्त 2025 में दयालबाग क्षेत्र में अज्ञात लोगों ने अजीत सिंह को रोककर कनपटी पर पिस्टल रख दी और चेतावनी दी कि यदि उन्होंने जमीन के मामले में दोबारा बात की, तो उन्हें जान से खत्म कर दिया जाएगा।

अजीत सिंह ने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों और मुख्यमंत्री पोर्टल पर की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर अब न्यू आगरा पुलिस ने आरोपी बिल्डर रमेश चंद्र अग्रवाल और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

SP_Singh AURGURU Editor