आगराः खेरागढ़ के कुसियापुर में कमरे की छत गिरी, नींद में समा गई मुन्ना लाल की जिंदगी

खेरागढ़ (आगरा)। लगातार बारिश से भीगा मकान काल बन गया। मंगलवार तड़के कुसियापुर गांव में एक जर्जर मकान की छत भरभराकर गिर पड़ी। हादसे में कमरे में सो रहे 50 वर्षीय मुन्ना लाल पुत्र रामशरण राजपूत की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई। सुबह की खामोशी में हुए इस हादसे ने पूरे गांव को दुखी कर दिया।

Oct 28, 2025 - 12:14
 0
आगराः खेरागढ़ के कुसियापुर में कमरे की छत गिरी, नींद में समा गई मुन्ना लाल की जिंदगी

घटना के समय मुन्ना लाल अपने कमरे में सो रहे थे। करीब पांच बजे अचानक गर्डर और पटिया के टूटने से पूरी छत उन पर आ गिरी। जोरदार आवाज सुनते ही परिजन दौड़े और मलबा हटाकर उन्हें किसी तरह बाहर निकाला। आनन-फानन में खेरागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना पाकर नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार और थाना प्रभारी मदन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार से जारी बारिश के कारण छत में सीलन बढ़ गई थी। पुरानी गर्डर में पहले से जंग लगी हुई थी, जो कमजोर होकर टूट गई। इसी के साथ पटिया भी चटक गई और पूरी छत नीचे आ गिरी। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मुन्ना लाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है ताकि परिवार को राहत मिल सके।

SP_Singh AURGURU Editor