आगरा कॉलेज में एलएलएम प्रवेश की पहली कट-ऑफ सूची घोषित, 15 नवम्बर को लॊ फैकल्टी में काउंसलिंग

आगरा। आगरा कॉलेज, आगरा में शैक्षणिक सत्र 2025-26 हेतु एल.एल.एम. (LL.M.) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम ने प्रथम कट-ऑफ मेरिट सूची जारी करते हुए बताया कि चयन प्रक्रिया डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के निर्धारित मानकों के अनुसार की गई है। पात्र अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक मूल प्रमाण-पत्रों के साथ निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

Nov 11, 2025 - 19:21
 0
आगरा कॉलेज में एलएलएम प्रवेश की पहली कट-ऑफ सूची घोषित, 15 नवम्बर को लॊ फैकल्टी में काउंसलिंग

प्राचार्य प्रो. गौतम के अनुसार सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 86.75 प्रतिशत, दिव्यांग श्रेणी में 82.50 प्रतिशत, ओबीसी वर्ग की 81.18 प्रतिशत, वहीं ओबीसी दिव्यांग में 57.57 प्रतिशत रही। अनुसूचित जाति की कट-ऑफ 79.15 प्रतिशत तथा दिव्यांग श्रेणी में 54.39 प्रतिशत, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 80.08 प्रतिशत निर्धारित की गई है।

प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर डी. सी. मिश्रा ने बताया कि काउंसलिंग 15 नवम्बर 2025 को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। काउंसलिंग का स्थल विधि संकाय, आगरा कॉलेज, आगरा रहेगा। सभी पात्र अभ्यर्थियों को समय पर उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज़ों के साथ भाग लेने के निर्देश दिए गए हैं।

मीडिया प्रभारी डॉ. गौरव कौशिक ने बताया कि सूचकांक की गणना का आधार एल.एल.बी. में प्राप्त अंकों का 100 प्रतिशत तथा विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित अतिरिक्त वेटेज रहा है। सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ हाईस्कूल, इंटरमीडिएट एवं स्नातक की अंकतालिकाएँ, जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, समर्थ वेब रजिस्ट्रेशन, ट्रांसफर प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र, दो पासपोर्ट आकार के फोटो, कॉलेज ऑनलाइन फॉर्म की प्रति तथा 425/- रुपये की रसीद लाना अनिवार्य है।

निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने पर अभ्यर्थी का प्रवेश दावा निरस्त कर दिया जाएगा। प्रवेश स्वीकृति के बाद पांच कार्य दिवसों के भीतर शुल्क जमा न करने पर भी प्रवेश स्वतः निरस्त माना जाएगा।

आगरा कॉलेज प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर दस्तावेज़ों की जाँच पूर्ण कराने और अनुशासन का पालन करने की अपील की है।

SP_Singh AURGURU Editor