एंटी ड्रोन टेक्नोलॉजी पर आगरा कॉलेज में मंथन, राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर गंभीर संवाद

आगरा। फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, आगरा कॉलेज, आगरा में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अत्यंत समसामयिक विषय ‘एंटी ड्रोन टेक्नोलॉजी एंड स्ट्रैटेजिक डिफेंस’ पर एक विचारोत्तेजक एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान हुआ। कार्यक्रम में डिफेंस इंस्टिट्यूट ऑफ एडवांस एंड टेक्नोलॉजी, पुणे के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ऋषि राज शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में सहभागिता करते हुए आधुनिक युद्ध प्रणाली और सुरक्षा चुनौतियों पर गहन प्रकाश डाला।

Feb 10, 2026 - 20:15
 0
एंटी ड्रोन टेक्नोलॉजी पर आगरा कॉलेज में मंथन, राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर गंभीर संवाद
आगरा कॊलेज की इंजीनियरिंग फैकल्टी में मंगलवार को आयोजित एंट्री ड्रोन टेक्नोलॊजी एंड स्ट्रैटेजिक डिफेंस विषय व्याख्यान में डॊ. ऋषिराज शर्मा को स्मृति चिह्न प्रदान करते डॊ. यादवेंद्र शर्मा एवं अन्य शिक्षकगण।

अपने व्याख्यान में डॉ. ऋषि राज शर्मा ने ड्रोन तकनीक के विकास, उसके नागरिक एवं सैन्य उपयोग तथा उससे उत्पन्न संभावित खतरों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार शत्रु तत्व ड्रोन का उपयोग निगरानी, तस्करी एवं हमलों के लिए कर सकते हैं और इन खतरों से निपटने के लिए एंटी ड्रोन प्रणालियाँ कैसे कार्य करती हैं। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग, रडार सिस्टम, सेंसर टेक्नोलॉजी और सामरिक योजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सी. के. गौतम ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्ध और आंतरिक सुरक्षा में तकनीक की भूमिका निरंतर बढ़ती जा रही है। ड्रोन जैसी उन्नत तकनीकों का दुरुपयोग आज राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है, ऐसे में एंटी ड्रोन सिस्टम एवं सामरिक रक्षा रणनीतियों पर जागरूकता और शोध समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. आर. के. शर्मा के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने मुख्य अतिथि का परिचय देते हुए कहा कि डॉ. ऋषि राज शर्मा रक्षा तकनीक के क्षेत्र में गहन शोध और व्यावहारिक अनुभव रखते हैं, जिससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों को समझने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. ऋषि राज शर्मा का सम्मान डॉ. यादवेंद्र शर्मा, डॉ. अमित रावत एवं डॉ. अनुज पाराशर द्वारा पटुका पहनाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया गया। कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं अनुशासित मंच संचालन राहुल जैन द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अनुराग शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य वक्ता, अध्यक्ष, आयोजकों तथा उपस्थित सभी शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने व्याख्यान को अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रासंगिक एवं प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में इंजी. राहुल अंशुमाली एवं डॉ. अंशुल अग्रवाल का विशेष रूप से सराहनीय योगदान रहा।

SP_Singh AURGURU Editor