आगरा कॉलेज में सिनर्जी समिट का आयोजनः पूर्व छात्र लौटे अपने शिक्षण धाम, अनुभवों से गूंजा परिसर
आगरा। फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, आगरा कॉलेज में रविवार को एलुमिनाई मीट ‘सिनर्जी समिट’ का भव्य आयोजन उत्साह और आत्मीयता के साथ संपन्न हुआ। बीते वर्षों के पूर्व छात्र-छात्राएं पुनः अपने प्रिय शिक्षण संस्थान में लौटे तो वातावरण भावनाओं और स्मृतियों से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच संवाद स्थापित करना, अनुभवों का आदान-प्रदान करना और संस्थान की प्रगति के लिए सामूहिक ऊर्जा का निर्माण रहा।
समारोह का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। मुख्य अतिथि वरिष्ठ उद्योगपति नीरज गुप्ता ने कहा कि किसी शिक्षण संस्थान का वास्तविक गौरव उसके विद्यार्थियों की उपलब्धियों में निहित होता है। उन्होंने युवाओं से तकनीकी दक्षता के साथ मानवीय मूल्यों को भी अपनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि कुलदीप पाठक ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी भारत के तकनीकी भविष्य की धुरी है। ऐसे आयोजन उन्हें प्रेरणा, दिशा और दृष्टिकोण प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कॊलेज प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने कहा कि किसी संस्थान की पहचान उसके पूर्व छात्रों की सफलता और समाज में योगदान से बनती है।
उन्होंने सभी एलुमनाई से आग्रह किया कि वे संस्था के विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग दें और नई पीढ़ी को दिशा प्रदान करें।
उप प्राचार्य डॉ. पीबी झा ने इसे नव उत्साह और नव ऊर्जा का संगम बताया। वहीं फैकल्टी संयोजक डॉ. यादवेंद्र शर्मा, ने कहा कि सिनर्जी समिट केवल एक मिलन समारोह नहीं, बल्कि संस्थान के गौरव को पुनः प्रज्वलित करने का माध्यम है।
फैकल्टी समन्वयक डॉ. भूपेंद्र सिंह चिकारा ने बताया कि एलुमिनाई नेटवर्क को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से और भी सशक्त बनाया जा रहा है ताकि संस्थान व छात्रों के बीच सतत संवाद बना रहे।
इंटरेक्शन सत्र में प्रतिष्ठित पूर्व छात्र सुमित भारद्वाज, कुलदीप चौधरी, दीपक गुप्ता, हेमंत राठौर, नितिन वार्ष्णेय, जितेंद्र शर्मा तथा जूही भारद्वाज ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि आगरा कॉलेज में प्राप्त शिक्षा और संस्कार ही उनके पेशेवर जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। पूरे कार्यक्रम का संयोजन डॉ. अनुराग शर्मा ने किया। मंच संचालन इं. राहुल जैन ने किया।
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया। एलुमिनाई ने संस्थान की शैक्षणिक प्रगति में भविष्य में सहयोग देने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर डॉ. अनुज पाराशर, डॉ. अमित रावत, इं. धीरेंद्र सिंह, डॉ. तनवीर कमर, इं. उद्धव द्विवेदी, डॉ. वीके जैन, डॉ. धीरेंद्र अग्रवाल, इं. दीपक पाठक, इं. प्रतीक सक्सेना, डॉ. गुंजन अग्रवाल, इं. अश्विनी गुप्ता, डॉ. अंशुल अग्रवाल, इं. पुष्कर दीक्षित, इं. अर्चित पाठक, डॉ. सुरेंद्र कुमार, डॉ. दीप्ति, इं. हर्षित उपाध्याय, इं. आनंद राजपूत, इं. निशांत शर्मा, इं. विकास कर्ण सहित अनेक संकाय सदस्य, विद्यार्थी और पूर्व छात्र उपस्थित रहे।