आगरा कॉलेज एनएसएस इकाई ने हर-घर तिरंगा रैली में दिखा देशभक्ति का जोश
आगरा। आगरा कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाई द्वारा "हर-घर तिरंगा 2025" कार्यक्रम के अंतर्गत आज तिरंगा पदयात्रा निकालकर लोगों से घर में तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
रैली का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने हरी झंडी दिखाकर किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम संयोजक एवं अधिकारी डॉ. आनंद प्रताप सिंह के नेतृत्व में रैली महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन से प्रारंभ होकर एमजी रोड तक जोश और उत्साह के साथ निकाली गई।
रैली मार्ग में एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स तथा अन्य विद्यार्थियों ने देशभक्ति नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने विद्यार्थियों को "हर-घर तिरंगा 2025" अभियान के महत्व एवं उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी। इसके उपरांत एनएसएस ध्वज दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली में प्रो. अमित अग्रवाल, डॉ. सुरेंद्र पाल सिंह, डॉ. नीतीश शर्मा, डॉ. रवि शंकर सिंह, डॉ. सत्यदेव शर्मा, डॉ. अविनाश जैन, डॉ. केशव सिंह, डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ. ललिता सहित अनेक संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्राएं शामिल रहे। स्वयंसेवक मोहम्मद कादिर, मुस्तकीम, आदित्य, अंजली एवं नीलम ने रैली के संचालन में विशेष सहयोग प्रदान किया।
यह आयोजन स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति की भावना को प्रबल करने, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।