आगरा कॉलेज में गूंजा जयघोष: सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर वीरों को सलाम
आगरा कॉलेज के एनसीसी आर्मी विंग ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी, जहां कैडेट्स के जोशीले नारों ने पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से भर दिया।
आगरा। आगरा कॉलेज में एनसीसी आर्मी विंग के तत्वावधान में सशस्त्र सेना झंडा दिवस हर्ष और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों और सीमाओं पर डटे वीर सैनिकों को ससम्मान याद किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कैडेट्स ने मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कंपनी कमांडर कैप्टन अमित अग्रवाल ने कहा कि सैनिकों के अटूट समर्पण, अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान की वजह से ही देश सुरक्षित है और हम अपने घरों में निश्चिंत रह पाते हैं। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के परिवारों का सम्मान और उनकी चिंता करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
इस अवसर पर एसयूओ लवकुश, एसयूओ तमन्ना परमार, एसयूओ मनोज जुरैल, यूओ यामिनी चाहर, सार्जेंट प्रिया चाहर, अरुण, रोहित कर्दम, विशाल रावत, हर्षित, रोहित, प्राशी अग्रवाल, सूर्यांश, सक्षम, संदीप, ऋषभ, संजना, सना सहित बड़ी संख्या में कैडेट्स मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने देशभक्ति से ओतप्रोत- भारत माता की जय, वंदे मातरम्, भारतीय सेना जिंदाबाद जैसे नारे लगाकर माहौल को जोश और उत्साह से भर दिया।
एनसीसी आर्मी विंग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम देशभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का सशक्त संदेश देकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। एनसीसी आर्मी विंग ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर शहीदों को नमन कर सैनिकों के परिवारों के सम्मान और सहयोग का संदेश दिया।