आगराः तत्काल लोन का झांसा देकर साइबर ठगों ने उड़ाए 96 हजार, शॉपिंग एप के जरिए रकम हड़पी
आगरा में साइबर अपराधियों ने एक नौकरीपेशा युवक को तत्काल लोन दिलाने का झांसा देकर 96,612 रुपये की ठगी कर डाली। सोशल मीडिया पर डाले गए फर्जी विज्ञापन से शुरू हुई यह ठगी खाते से सात बार ट्रांजेक्शन कर शॉपिंग एप अमेजॉन पर खरीदारी तक जा पहुंची। पीड़ित के मुताबिक ट्रांजेक्शन जिन नंबरों से हुआ, उनमें कॉल करने पर लड़कियों ने फोन उठाकर खुद को झारखंड की निवासी बताया और अभद्रता भी की।
थाना बरहन के ईशेपुर निवासी विनय कांत, जो नोएडा की एक मोबाइल कंपनी में कार्यरत हैं, इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। उन्होंने बताया कि अचानक बैंक खाते से 96,612 रुपये गायब हो गए। जब उन्होंने विवरण देखा तो सामने आया कि सात बार ट्रांजेक्शन कर अमेजॉन एप से खरीदारी की गई है।
विनय कांत ने बताया कि जिन मोबाइल नंबरों से पैसे ट्रांजेक्शन हुए थे, उनमें से दो नंबरों पर कॉल करने पर फोन लड़कियों ने उठाया। उन्होंने न सिर्फ अभद्रता की बल्कि खुद को रांची के सुखदेव नगर का निवासी बताया। पीड़ित के अनुसार ठगों ने पहले तीन अलग-अलग नंबरों से 1-1 रुपये का ट्रांजेक्शन कर सिस्टम चेक किया और उसके तीन दिन बाद खाते से 96,612 रुपये निकाल लिए।
सोशल मीडिया पर तत्काल लोन और जॉब ऑफर जैसे फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों को लुभाना और फिर ओटीपी व बैंक डिटेल लेकर अकाउंट खाली करना साइबर ठगों का नया हथकंडा बन गया है। आगरा साइबर क्राइम पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।