गौ महिमा महोत्सव में गौरांग कीर्तन मंडली की अंग्रेज महिलाओं के भजनों पर झूम उठा आगरा

आगरा। सूरसदन में आयोजित नौ दिवसीय गौ महिमा महोत्सव के सातवें दिन रविवार को भक्ति, भजन और दिव्य व्याख्यानों की ऐसी रसधारा बही कि उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालु भक्त भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम में पुष्कर, राजस्थान से पधारे संत गोपालानंद जी ने गौ महिमा पर अपने वक्तव्य में कहा कि प्रकृति और संस्कृति दोनों का संरक्षण गौ कृपा के बिना संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भारत को पुनः विश्व गुरु और अखंड सनातन राष्ट्र बनाना है तो हमें गौ सेवा को जीवन का मूल ध्येय बनाना होगा।

Jul 20, 2025 - 21:18
 0
गौ महिमा महोत्सव में गौरांग कीर्तन मंडली की अंग्रेज महिलाओं के भजनों पर झूम उठा आगरा
सूरसदन में चल रहे गौ महिमा महोत्सव के अंतर्गत भजनों का रस प्रवाहित करती गौरांग कीर्तनीयास मंडली।

-सूरसदन में गूंज रही गौ महिमा की अमृत वाणी, संत गोपालानंद बोले– प्रकृति और संस्कृति दोनों का संपोषण गौ कृपा बिना संभव नहीं

संत ने यह भी स्पष्ट किया कि गौ सेवा, संरक्षण और संवर्धन केवल भारतवासियों का ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व मानव समाज का कर्तव्य है।

रसराज जी महाराज बोले- भगवान शिव अकारण करुणा बरसाते हैं

शिव महापुराण कथा में पूज्य रसराज जी महाराज ने कहा कि भगवान शिव बिना किसी कारण भक्तों पर कृपा करने वाले देव हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे श्रद्धा से दीपदान, शिवार्चन और शिव स्तुति जरूर करें। इस दौरान जब भजन शिव भोले और भंडारी, शिव की महिमा अति ही न्यारी.... गूंजा, तो पूरा पंडाल भक्ति रस में सराबोर हो गया।

सुबह के सत्र में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पार्थिव शिवलिंग बनाकर भगवान भोलेनाथ का पूजन व अभिषेक किया।

अंग्रेज भक्तिनों के भजनों पर झूम उठा सूरसदन

वृंदावन की गौरांग कीर्तनीयास मंडली की अंग्रेज महिला भक्तों द्वारा जब सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई तो वातावरण पूरी तरह भक्तिरस में डूब गया। विदेशी भक्तों की इस आत्मीय प्रस्तुति ने आगरा की जनता को गहराई से छू लिया।

बस दो दिन का है अवसर, लें धर्मलाभ

महोत्सव से जुड़े पार्षद मुरारीलाल गोयल पेंट वाले ने बताया कि गौ महिमा महोत्सव के अब केवल दो दिन शेष हैं। उन्होंने आगरा वासियों से अपील की कि वे अवश्य इस दिव्य आयोजन का लाभ लें।
प्रतिदिन सुबह 7:00 से 10:00 बजे तक पार्थिव शिवलिंग अभिषेक होता है और शाम 4:00 से 8:00 बजे तक महाशिवपुराण कथा, गौ महिमा पर व्याख्यान, भजन संध्या होती है।

इस अवसर पर गोपेश कृष्ण दास, साध्वी निष्ठा गोपाल सरस्वती, कुंदनिका शर्मा, प्रियंका ठाकुर, ऋषि रंजना, इंद्रदीप, मनोज यादव, नितेश बंसल एडवोकेट, सुधीर आर्य रिंकू, अर्जुन शर्मा सहित कई गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor