एआई की ताकत पर मंथन करेगा आगरा, एआई फ्यूचर रेडी कान्क्लैव में जुटेंगे देशभर के दिग्गज
7-8 अगस्त 2026 को आगरा के जेपी पैलेस में एआई फ्यूचर रेडी कान्क्लैव 2026 का आयोजन होगा। केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सीसीएलए के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में उनसे मुलाकात कर औपचारिक निमंत्रण दिया। कॉन्क्लेव में एआई, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, MSME, स्टार्टअप और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग जैसे विषयों पर राष्ट्रीय स्तर की चर्चा होगी। देशभर के नीति-निर्माता, उद्योगपति, तकनीकी विशेषज्ञ, निवेशक और शिक्षाविद् इस आयोजन में भाग लेंगे।
7-8 अगस्त को जेपी पैलेस में जुटेंगे नीति-निर्माता, उद्योगपति, स्टार्टअप, MSME और तकनीकी विशेषज्ञ, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद होंगे मुख्य अतिथि, 'विकसित भारत 2047' के विजन पर होगी चर्चा
आगरा। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) और डिजिटल परिवर्तन को लेकर देश के प्रमुख विशेषज्ञों, उद्योग जगत और नीति-निर्माताओं का बड़ा समागम आगामी 7 एवं 8 अगस्त 2026 को आगरा में होने जा रहा है। कॉरपोरेट काउंसिल फॉर लीडरशिप एंड अवेयरनेस (सीसीएलए) की ओर से आयोजित एआई फ्यूचर रेडी कान्क्लैव 2026 में केंद्रीय राज्य मंत्री (वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी) जितिन प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस संबंध में नई दिल्ली स्थित वाणिज्य भवन में सीसीएलए के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें कॉन्क्लेव का औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में डेवलपमेंट काउंसिल फॉर फुटवियर एंड लेदर इंडस्ट्री (DCFLI) एवं CCLA के चेयरमैन पूरन डावर, सीसीएलए के महासचिव अजय शर्मा, कॉन्क्लेव के कन्वीनर ब्रजेश शर्मा तथा काउंसिल फॉर लेदर एक्सपोर्ट्स (CLE) के रीजनल डायरेक्टर अतुल कुमार मिश्रा शामिल रहे।
बैठक के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने एआई फ्यूचर रेडी कान्क्लैव 2026 की अवधारणा की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन भारत में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार, डिजिटल परिवर्तन, स्टार्टअप इकोसिस्टम और MSME क्षेत्र को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन देश में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के साथ-साथ उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को भी मजबूत करेंगे। साथ ही उन्होंने कॉन्क्लेव की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दीं।
देशभर के विशेषज्ञ होंगे शामिल
दो दिवसीय एआई फ्यूचर रेडी कान्क्लैव 2026 का आयोजन 7 एवं 8 अगस्त को आगरा के जेपी पैलेस होटल एंड कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। कॉन्क्लेव में देशभर से नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, तकनीकी विशेषज्ञ, स्टार्टअप संस्थापक, शिक्षाविद्, निवेशक, कॉर्पोरेट लीडर्स और MSME उद्यमी भाग लेंगे।
AI से विकसित भारत 2047 तक का रोडमैप
कॉन्क्लेव के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नवाचार, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, इंडस्ट्री 4.0, उभरती तकनीकों, स्टार्टअप इकोसिस्टम, MSME के डिजिटलीकरण तथा 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य को प्राप्त करने में AI की भूमिका पर विस्तृत विचार-विमर्श होगा।
विशेषज्ञ विभिन्न तकनीकी सत्रों, पैनल चर्चाओं और इंटरैक्टिव सेशनों के माध्यम से उद्योग, शिक्षा और शासन व्यवस्था में AI के बढ़ते उपयोग, भविष्य की संभावनाओं और चुनौतियों पर अपने विचार साझा करेंगे। आयोजकों का मानना है कि यह कॉन्क्लेव देश में AI आधारित नवाचार और डिजिटल अर्थव्यवस्था को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।