आगराः गले में रस्सी डालकर पेड़ पर चढ़ा बर्खास्त वन कर्मी,  ताजमहल पूर्वी गेट के पास घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

आगरा। विश्वविख्यात ताजमहल के पूर्वी गेट के समीप उस समय हड़कंप मच गया, जब नौकरी से बर्खास्त एक पूर्व वन कर्मी अपनी बहाली की मांग को लेकर गले में रस्सी डालकर पेड़ पर चढ़ गया। सुबह शुरू हुआ यह हाई वोल्टेज ड्रामा घंटों तक चलता रहा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

Jan 27, 2026 - 18:45
 0
आगराः गले में रस्सी डालकर पेड़ पर चढ़ा बर्खास्त वन कर्मी,  ताजमहल पूर्वी गेट के पास घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
ताजमहल पूर्वी गेट के पास स्थित वन विभाग आफिस पर पेड़ पर चढ़ा बर्खास्त वन कर्मी।

पूर्व वन कर्मी का आरोप है कि उसे बिना किसी ठोस कारण के नौकरी से निकाल दिया गया। उसका कहना है कि वह कोर्ट के आदेश का हवाला देकर डीएफओ से मिलने भी गया था, लेकिन वहां उसकी बात सुनने के बजाय उसे जेल भिजवाने की धमकी दी गई।
वन कर्मी के अनुसार इस व्यवहार से वह मानसिक रूप से टूट गया और मजबूर होकर उसने यह खतरनाक कदम उठाया। पेड़ पर चढ़कर उसने साफ तौर पर आत्महत्या की चेतावनी दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पेड़ पर चढ़े पूर्व वन कर्मी को समझाने का प्रयास शुरू किया। घंटों तक चले इस घटनाक्रम के दौरान पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए रही ताकि कोई अनहोनी न हो।

पेड़ पर रस्सी डालकर बैठे पूर्व वन कर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उसकी पीड़ा, आक्रोश और लाचारी साफ तौर पर देखी जा सकती है।

बताया जा रहा है कि यह पहला मौका नहीं है, जब पूर्व वन कर्मी ने इस तरह का कदम उठाया हो। कुछ महीने पहले भी वह इसी तरह पेड़ पर चढ़कर अपने अधिकारों और बहाली की मांग को लेकर विरोध जता चुका है।

SP_Singh AURGURU Editor