आगरा में खाद वितरण में लापरवाही पर डीएम सख्त, एडी व एडीसीओ को लगाई फटकार

आगरा में किसानों को समय पर खाद न मिलने और वितरण में गड़बड़ी की शिकायतों पर जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने नाराजगी जताते हुए एडी कोऑपरेटिव और सभी एडीसीओ को कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए गैर-जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

Sep 18, 2025 - 18:41
 0
आगरा में खाद वितरण में लापरवाही पर डीएम सख्त, एडी व एडीसीओ को लगाई फटकार
आगरा के एक खाद गोदाम में स्टॊक रजिस्टर चेक करते डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी।

आगरा। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने शुक्रवार को खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। किसानों को हो रही परेशानी और शिकायतों पर उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को फटकार लगाई। बैठक से पहले डीएम ने खाद गोदामों का औचक निरीक्षण किया और वहां की स्थिति पर नाराजगी जताई।

डीएम ने निर्देश दिए कि सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। सोसाइटियां समय से खोली जाएं और किसानों को शांतिपूर्वक, व्यवस्थित ढंग से खाद उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी समिति द्वारा समय से मांग पत्र न भेजने पर उसे चिह्नित कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, आरटीजीएस में देरी करने वाली सोसाइटियों पर भी सख्ती बरती जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों से उर्वरकों का स्टॉक विवरण मांगा। उन्हें बताया गया कि जनपद में पर्याप्त खाद भंडारित है। यूरिया 14,900 मीट्रिक टन, डीएपी 8,048 मीट्रिक टन और एनपीके 13,292 मीट्रिक टन उपलब्ध है। डीएम ने कहा कि खाद की कोई कमी नहीं है, लेकिन पारदर्शिता सुनिश्चित करना अनिवार्य है।

उन्होंने यूरिया व डीएपी की आपूर्ति और वितरण में ओवररेटिंग रोकने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी दुकानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित करने को कहा। खाद की आपूर्ति के दौरान गोदाम से सोसाइटियों तक जाने वाले वाहनों पर निगरानी रखने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। वाहन और चालक का नंबर संबंधित अधिकारी को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।

डीएम ने कहा कि एसीएम और अन्य मजिस्ट्रेटों की निगरानी में खाद वितरण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसानों से आधार कार्ड, खतौनी और पीओएस मशीन के जरिए सत्यापन कर खाद वितरित किया जाए। स्टॉक व विक्रय रजिस्टर की जांच नियमित रूप से हो और औचक निरीक्षण से गड़बड़ियों पर अंकुश लगाया जाए।

इस बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, एडीएम नमामि गंगे व प्रभारी अधिकारी उर्वरक वितरण जुबेर बेग, उप निदेशक कृषि मुकेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता विमल कुमार, जिला प्रबंधक पीसीएफ और सभी एडीसीओ मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor