आगरा किला कल बनेगा भगवामय, छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर चौथे वर्ष भव्य आयोजन, कई वीवीआईपी रहेंगे शामिल

आगरा किले में 19 फरवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती लगातार चौथे वर्ष भव्य रूप से मनाई जाएगी। महाराष्ट्र की संस्था अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में लेजर शो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे सहित कई केंद्रीय व राज्यस्तरीय वीवीआईपी समारोह में शामिल होंगे।

Feb 18, 2026 - 17:38
 0
आगरा किला कल बनेगा भगवामय, छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर चौथे वर्ष भव्य आयोजन, कई वीवीआईपी रहेंगे शामिल
महाराष्ट्र की संस्था अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान के अध्यक्ष विनोद पाटिल कार्यक्रम की जानकारी देते हुए।

आगरा। आगरा में वीरता, स्वाभिमान और स्वराज के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती लगातार चौथे वर्ष ऐतिहासिक धूमधाम से मनाई जाएगी। 19 फरवरी को आयोजित होने वाला यह भव्य समारोह एक बार फिर इतिहास के साक्षी आगरा किला में शाम 6 बजे से शुरू होगा।

महाराष्ट्र की संस्था अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान पिछले तीन वर्षों से शिवाजी जयंती पर इस आयोजन की अगुवाई कर रही है। इस वर्ष 396वीं जयंती के अवसर पर कार्यक्रम को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। आयोजन में महाराष्ट्र और केंद्र सरकार के कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी इसे राष्ट्रीय स्तर का महत्व दे रही है।

ऐतिहासिक संदर्भ से जुड़ा आयोजन

प्रतिष्ठान के अध्यक्ष विनोद पाटिल ने प्रेसवार्ता में कहा कि आगरा किला शिवाजी महाराज के स्वाभिमान और पराक्रम का साक्षी रहा है। यहीं मुगल सम्राट औरंगजेब की कैद से मुक्त होकर शिवाजी महाराज ने अपने अदम्य साहस का परिचय दिया था। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि स्वराज और आत्मसम्मान की भावना को पुनर्जीवित करने का अवसर है।

महाराष्ट्र-उत्तर प्रदेश का सांस्कृतिक संगम

पिछले तीन वर्षों में महाराष्ट्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, पुरातत्व विभाग और आगरा के नागरिकों के सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित होता आया है। इस बार भी प्रतिष्ठान संयोजक की भूमिका में है, जबकि महाराष्ट्र सरकार का सांस्कृतिक विभाग सह-संयोजक रहेगा। आयोजकों के अनुसार, पूरे किले परिसर को विशेष सजावट से ‘भगवामय’ रूप दिया जाएगा।

लेजर शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम में शिवाजी महाराज के जीवन और शौर्य पर आधारित भव्य लेजर शो मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके अलावा गौरव गीतों की प्रस्तुति, शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित नाटिका, पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को शिवाजी महाराज के संघर्ष, रणनीति और राष्ट्रनिर्माण की गाथा से परिचित कराया जाएगा।

कई वीवीआईपी की रहेगी मौजूदगी

इस ऐतिहासिक अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल तथा महाराष्ट्र सरकार के सांस्कृतिक मंत्री आशिष शेलार सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे। इस आयोजन को लेकर आगरा में उत्साह का माहौल है। इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रीय गौरव का यह संगम एक बार फिर आगरा किले को वीरता की गाथाओं से गुंजायमान करेगा।