आगरा को मिला पहला जापानी जल उद्यान, संजय पार्क में हरियाली और सौंदर्य का संगम
आगरा। शहर की प्राकृतिक सुंदरता को नया आयाम देने के उद्देश्य से लायंस क्लब प्रयास ने एक अनूठी पहल की है। संजय प्लेस स्थित संजय पार्क में तैयार किया गया जापानी जल उद्यान मंगलवार को भव्य समारोह के साथ लोकार्पित किया गया। रंग-बिरंगे पुष्पों, दुर्लभ जल पौधों और आकर्षक लिली पूल से सजा यह उद्यान आगरा को हरियाली और सौंदर्य की नई सौगात प्रदान कर रहा है।
लोकार्पण समारोह में जुटे विशिष्टजन
मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव, उपनिदेशक उद्यान विभाग रजनीश पांडे, उद्यान विशेषज्ञ डॉ. मुकुल पंड्या, एडवोकेट केसी जैन, लवली कथूरिया और डेजी गुजराल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर व पौधारोपण कर समारोह का शुभारंभ किया।
क्लब अध्यक्ष रीतेश मांगलिक, सचिव सुरभि पाटनी और कोषाध्यक्ष पंकज गर्ग ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
शहर में पहली बार जापानी जल उद्यान
पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने जानकारी दी कि आगरा शहर में पहली बार जापानी शैली का जल उद्यान स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि क्लब लगातार हरियाली और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए नए प्रयोग कर रहा है।
पौधों और वॉटर लिली की दुर्लभ प्रजातियां
उद्यान विशेषज्ञ डॉ. मुकुल पंड्या ने बताया कि उद्यान में 400 से अधिक पौधों का रोपण किया गया है। इनमें 130 बांस, 45 रसेलिया, 20 मोगरा, 15 मुर्राया एक्सोटिका, 50 विभिन्न रंगों की कैना, 30 पपायरस, 4 कृष्ण कदंब और 3 टाइफा लक्ष्मणा प्रमुख हैं।
साथ ही नायम्फिया गिगांटिया, नायम्फिया किंग ऑफ सियाम, नायम्फिया पुत्ररक्षा और नायम्फिया कोलोराडो जैसी विदेशी प्रजातियों की वॉटर लिली भी लगाई गई हैं। सुरक्षित लिली पूल को विशेष आकर्षण के रूप में विकसित किया गया है।
भविष्य में और आकर्षक बनाने की योजना
क्लब अध्यक्ष रीतेश मांगलिक ने कहा कि भविष्य में रंग-बिरंगी घास को जोड़कर इस उद्यान को और भी आकर्षक बनाया जाएगा।
उपनिदेशक उद्यान विभाग रजनीश पांडे ने कहा कि यह अभिनव प्रयोग पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा और विभाग इसके संरक्षण में पूरा सहयोग देगा।
समारोह की व्यवस्थाएं तनुजा मांगलिक ने संभालीं। इस अवसर पर रीना गर्ग, मयूरी मित्तल, आशु जैन, अलका सिंघल, दीप सिंघल, आभा सरीन, अनिल सरीन, प्रियंका अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, कपिल मगन, हरीश बत्रा, रचना अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।