आगराः गुरुवर संगीत समारोह में 03 अप्रैल को सजेगा शास्त्रीय संगीत का भव्य मंच, देशभर के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
आगरा। भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को सहेजने और गुरु-शिष्य परंपरा को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारतीय संगीतालय, आगरा द्वारा “गुरुवर संगीत समारोह 2026” का भव्य आयोजन 03 अप्रैल 2026 को सायं 5:00 बजे केंद्रीय हिंदी संस्थान स्थित अटल बिहारी बाजपेयी सभागार में किया जाएगा। इस गरिमामय आयोजन में देश के ख्यातिप्राप्त कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान किया जाएगा।
संगीतालय के प्रधानाचार्य गजेंद्र सिंह चौहान ने संगीतालय परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 1944 से निरंतर शास्त्रीय संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन में जुटी संस्था भारतीय संगीतालय इस आयोजन के माध्यम से अपने पूज्य गुरुओं को श्रद्धांजलि अर्पित करती आ रही है। कार्यक्रम का आमंत्रण पोस्टर भी इस अवसर पर पदाधिकारियों द्वारा विमोचित किया गया।
समारोह में कोलकाता से पधार रहे सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित अर्नब चटर्जी अपनी सधी हुई और भावपूर्ण गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। किराना घराना परंपरा से जुड़े पंडित अर्नब चटर्जी ने अपने पिता स्वर्गीय अरुण कुमार चटर्जी से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त कर पंडित ए. कानन, विदुषी मालविका कानन और उस्ताद मशकूर अली ख़ाँ जैसे दिग्गज गुरुओं से उच्चस्तरीय प्रशिक्षण लिया है। वे आकाशवाणी और दूरदर्शन के टॉप ग्रेड कलाकार होने के साथ देश-विदेश के अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं तथा ‘सुरमणि’ उपाधि से सम्मानित हैं।
उनके साथ दिल्ली से आने वाले ख्यातनाम तबला वादक दुर्जेय भौमिक संगत करेंगे। बनारस घराने की परंपरा में प्रशिक्षित दुर्जेय भौमिक ने पंडित दुलाल नुट्टा और तालयोगी पंडित सुरेश तलवलकर के सान्निध्य में साधना कर तबला वादन में विशिष्ट पहचान बनाई है।
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संगीतालय के 55 छात्र-छात्राओं द्वारा राग हेमंत में प्रस्तुत सरस्वती वंदना से होगी। इसके बाद वरिष्ठ शिष्य सागर जग्गी शास्त्रीय गायन प्रस्तुत करेंगे। तबला संगत श्री भानु प्रताप सिंह एवं श्री हरिओम माहौर तथा हारमोनियम पर डॉ. राहुल निवेरिया और डॉ. वंदना वरुण साथ देंगे।
समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स, आगरा के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट अनिल वर्मा उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भूतपूर्व आईपीएस बबिता साहू करेंगी।
प्रेस वार्ता और पोस्टर विमोचन के दौरान संस्था के सचिव अशोक राव करमरकर, संरक्षक डॉ. अमिता त्रिपाठी, हरिओम माहौर, आशू विमल, डॉ. वंदना वरुण, सागर जग्गी, आर.के. समाधियां, श्रीमती वीणा छाबड़ा और डॉ. महेश धाकड़ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संगीतालय ने शहर के संगीत प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सुरमयी संध्या का हिस्सा बनें और भारतीय शास्त्रीय संगीत की इस महान परंपरा को सशक्त करें।