आगराः सर्व मल्टीप्लेक्स में चला चोरी का इनसाइड शो, पांच कर्मचारियों ने ही बना लिया था कैश चोरी गैंग
मनोरंजन की दुनिया में दर्शकों को फिल्में दिखाने वाला सर्व मल्टीप्लेक्स खुद फिल्मी चोरी की स्क्रिप्ट का शिकार बन गया। यहां नाइट शो चलने के साथ-साथ चोरी का ‘इनसाइड शो’ भी चल रहा था, जिसे अंजाम दे रहे थे खुद मल्टीप्लेक्स के पांच कर्मचारी। संचालक को जब शक हुआ तो रात की चौकीदारी ने सच्चाई पर से पर्दा उठा दिया।
आगरा। शहर के प्रमुख सर्व मल्टीप्लेक्स में कर्मचारियों के एक गैंग ने मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। लगातार कैश गायब होने की शिकायतों के बाद संचालक रोमित कपूर और स्वामी सर्व प्रकाश कपूर (शौकी) ने सिक्योरिटी को अलर्ट किया। 23-24 अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब दो बजे गार्डों ने संदिग्ध कर्मचारियों पर नजर रखी। जांच के दौरान जब प्रदीप और जतिन की तलाशी ली गई तो प्रदीप के टिफिन से 6500 रुपये और जतिन के पास से 1650 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सख्ती से पूछताछ करने पर पता चला कि इस चोरी गैंग में अरुण, सौरभ, आदित्य और रोहित भी शामिल हैं। सभी के पास से कुल मिलाकर 38-40 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई। इसके बाद मल्टीप्लेक्स संचालक ने इन सभी को पुलिस के हवाले कर न्यू आगरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
मल्टीप्लेक्स स्वामी सर्व प्रकाश कपूर (शौकी) ने बताया कि उनके मैनेजर प्रशांत ने बार-बार यह जानकारी दी थी कि कैश काउंटर से हर दिन कुछ न कुछ रकम गायब हो रही है। चोरी खासकर नाइट शो के दौरान होती थी, इसलिए संदेह उसी शिफ्ट में ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों पर हुआ। उन्होंने बताया कि सुरक्षा गार्डों को निर्देश दिए गए थे कि रात में निकलने वाले कर्मचारियों की सख्ती से जांच की जाए।
आखिरकार जब गार्डों ने जांच शुरू की तो पूरी साजिश सामने आ गई। गार्डों ने बताया कि ये सभी कर्मचारी रात में ही मल्टीप्लेक्स परिसर में सो जाते थे, जिससे सुबह कोई चेकिंग नहीं होती थी। इसी का फायदा उठाकर ये धीरे-धीरे कैश चुराते रहे। नाइट गार्ड की सतर्कता से गैंग का पर्दाफाश हो गया।
मल्टीप्लेक्स प्रबंधन ने कहा कि अब सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हो सकें।
Top of Form