आगरा की पहचान मुगलों से नहीं, ब्रज व वृंदावन और छत्रपति शिवाजी से है: योगी

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा के जीआईसी मैदान से बोले कि अब प्रदेश सरकार मथुरा की ओर बढ़ रही है। अयोध्या, काशी, विंध्यवासिनी के विकास के बाद अब बांके बिहारी कॉरिडोर का निर्माण करेंगे। सीएम बोले कि आगरा की पहचान मुगलों से नहीं बल्कि ब्रज और वृंदावन से है। छत्रपति शिवाजी से है। आगरा में शिवाजी के नाम से स्मारक बनाने की योजना है।

Mar 26, 2025 - 18:10
 0
आगरा की पहचान मुगलों से नहीं, ब्रज व वृंदावन और छत्रपति शिवाजी से है: योगी

सीएम योगी जीआईसी मैदान पर आयोजित सुशासन मेले में कर रहे थे जनसभा को संबोधित 

सीएम ने दी आगरा को 635 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं की सौग़ात 

सीएम योगी आज जीआईसी मैदान पर प्रदेश सरकार के आठ और केंद्र के दस वर्ष पूरे होने पर आयोजित सुशासन मेले के मंच से बोल रहे थे। सीएम ने कहा कि जिनकी नकारात्मक सोच थी, वह न तो घर के रहे न घाट के। सपा और कांग्रेस ने वन डिस्ट्रिक- वन माफिया बनाया, जबकि हमने वन डिस्ट्रिक- वन अस्पताल बनाया। 

 

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले नौजवानों को प्रदेश में नौकरी नहीं मिलती थी। जो बाहर जाते थे, उन्हें पहचान का संकट होता था। उत्तर प्रदेश को लेकर पहले मान्यता थी कि जहां पर सड़कों में गड्ढे शुरू हो जाए... वहीं से उत्तर प्रदेश शुरू। जहां से व्यापारी पलायन कर रहे हों, वहीं उत्तर प्रदेश, जहां आए दिन दंगा और कर्फ्यू लग रहा है, वही है उत्तर प्रदेश। लेकिन अब धारणा बदल गई है। 

 

सीएम योगी ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश का किसान आत्महत्या नहीं कर रहा है। हमारा अन्नदाता किसान अब आत्मनिर्भर बनकर उत्तर प्रदेश के विकास में योगदान दे रहा है। सपा और कांग्रेस के लोग नकारात्मक काम करते थे। उन्होंने किसान को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया था। 2017 से पहले युवाओं को नौकरी नहीं मिलती थी। पर डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश के साढ़े आठ लाख से अधिक नौजवानों को नौकरी दी है।

 

सीएम योगी ने प्रदेश और केंद्र द्वारा जारी जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया और कहा कि यूपी अब ग्रोथ इंजन बन गया है। यूपी इस समय देश में दूसरे अर्थ व्यवस्था बन गया है। उन्होंने नंबर वन पर लाने के लिए लोगों से सहयोग का आवाहन किया।

 

इससे पहले सीएम योगी ने मेला स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। नन्हें बच्चे को गोदी में लेकर उसे माखन खिलाया। उन्होंने 635 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास भी किया।