आगरा में मकान मालिक ने ही की थी फाइनेंस ऒफिस में 11 लाख की चोरी: 48 घंटे में पकड़ा गया
आगरा। थाना मलपुरा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने महज 48 घंटे के अंदर ही फाइनेंस कंपनी के 11 लाख रुपये की चोरी का खुलासा कर दिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि चोर कोई और नहीं बल्कि फाइनेंस कंपनी ऑफिस का मकान मालिक ही निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी किए गए रुपये भी बरामद कर लिए हैं।
11 लाख कैश और कैमरों की डीवीआर भी चोरी कर ली गई थी
डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा ने जानकारी दी कि मलपुरा क्षेत्र में हरीश गोयल के मकान में भारत फाइनेंस कंपनी का ऑफिस संचालित था। शनिवार शाम को स्टाफ के लोग ऒफिस बंद कर ताले लगाकर घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब वे काम पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर पहुंचे तो तिजोरी सहित सभी ताले टूटे थे और करीब 11 लाख रुपये गायब थे। साथ ही सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी चोरी कर ली गई थी।
पुलिस को मकान मालिक पर आया शक और खुल गया केस
शिकायत पर डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा के निर्देशन, एसीपी सुकन्या शर्मा और इंस्पेक्टर पवन सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान शक बैंक ऑफिस के मकान मालिक हरीश गोयल पर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
रविवार को दिया था वारदात को अंजाम
हरीश गोयल ने पुलिस को बताया कि उसने चोरी की घटना 17 अगस्त, रविवार को अंजाम दी थी, क्योंकि उस दिन बैंक की छुट्टी रहती है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए पूरे 11 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं।